नाराज़गी: जलभराव की समस्या जूझ रही महिलाओं ने रोका मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का काफिला
उत्तरकाशी। जिले के जोशियाड़ा की महिलाओं ने कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का काफिला रोका। महिलाओं ने गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान के खिलाफ भी नारेबाजी की। जलभराव की समस्या का समाधान नहीं होने पर महिलाओं का गुस्सा फूटा। महिलाओं का कहना है कि जलभराव की समस्या बढ़ती जा रही है, लेकिन विधायक या स्थानीय प्रशासन समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। महिलाओं का यह भी कहना था कि हर साल मानसून के दौरान उन्हें अनेकों समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जिसकी सुध नहीं ली जा रही है। दूसरी तरफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रभारी मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को काले झंडे दिखाए। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। कांग्रेसियों ने कहा कि भाजपा के शासन में जनहित के मुद्दों पर कोई गौर नहीं किया जा रहा है। मंत्री से लेकर संत्री तक भ्रष्टचार में लिप्त हैं, जिसके चलते जनसमस्याओं की कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है।
