शिकंजा: डेढ़ किलो अफीम के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, तस्करी में इस्तेमाल कार जब्त
उधमसिंहनगर। नशा तस्करी में लिप्त तीन लोगों को पुलिस ने डेढ़ किलो से अधिक अफीम व तस्करी में प्रयुक्त कार सहित गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, कल देर शाम थाना खटीमा पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में कुछ नशा तस्कर नशीले पदार्थों की डिलीवरी करने पहुंचने वाले हैं। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने क्षेत्र में चैकिंग अभियान शुरू दिया। इस दौरान पुलिस को बिज्टी रोड, मजगमी तिराहा चौकी मझौला क्षेत्र में एक संदिग्ध कार आती हुई दिखायी दी। पुलिस ने उसे रोकना चाहा तो कार सवार तीन लोग भागने का प्रयास करने लगे। इस पर उन्हें घेर कर दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक किलो 758 ग्राम अफीम बरामद की। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम धर्मेन्द्र कुमार अवस्थी पुत्र रामबहादुर अवस्थी, निवासी संडाखास, थाना निगोही, शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश, पंकज शुक्ला पुत्र विनोद कुमार शुक्ला, निवासी आमावुजुर्ग ढका घनश्याम थाना बंडा शाहजहांपुर व हरीश कुमार पुत्र नन्हें लाल, निवासी ग्राम भिण्डारा थाना न्यूरिया पीलीभीत (उ.प्र.) बताया। पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। बरामद अफीम की कीमत 14 लाख रुपये आंकी गयी है।
