बुरी खबर: नदी में स्नान करने के दौरान दो युवतियों की पैर फिसलने से मौत,मंदिर में गयी थीं जलाभिषेक करने
कोटद्वार। गढ़वाल जिले के सतपुली क्षेत्र से सोमवार को एक दुखद खबर आयी है। वहां जलाभिषेक करने को मंदिर गयीं दो युवतियों की नदी में पैर फिसलने से मौत हो गयी। सूचना मिलने पर पुलिस व स्थानीय तैराकों ने दोनों युवतियों को नदी से बाहर निकाला। उनमें से एक मृत पायी गयी, जबकि दूसरी युवती को अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह दो युवतियां अपनी सहेलियों के साथ मंदिर में जलाभिषेक करने गईं। बताया जा रहा है कि जब वह दंगलेश्वर मंदिर घाट पर पहुंची तो वह अपनी सहेलियों के संग नयार नदी में स्नान करने लगीं। इसी दौरान वे दोनों पैर फिसल जाने से नदी में गिर पड़ीं और नदी की तेज़ धारा में बह गयीं। सहेलियों द्वारा शोर मचाये जाने पर आस पास के लोगों को मामले की जानकारी मिली। इस पर उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने स्थानीय तैराकों की मदद से उनकी खोजबीन शुरू कर दी। खोजबीन के दौरान दोनो घाट से एक किलामीटर आगे मिलीं। लेकिन तब तक 26 वर्षीय युवती की मौत हो चुकी थी। वहीं 15 वर्षीय किशोरी की हालत गंभीर देखते हुए उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है। मृतक युवतियों के नाम रुबी उर्फ सरोज रावत ( 24 वर्ष) पुत्री श्याम सिंह रावत, निवासी ओडलसैंण, थाना सतपुली, जनपद पौड़ी गढ़वाल व अदिति उर्फ सोनी (15 वर्ष) पुत्री निर्मल सिंह, निवासी चैलूसैंण (द्वारीखाल), हाल पता महावीर सिंह बिष्ट (मृतका के नाना) निवासी ओडलसैंण, थाना सतपुली जनपद पौड़ी गढ़वाल बताये जा रहे हैं।
