शिकंजा: पुलिस ने कार से बरामद किया कच्ची शराब का जखीरा, तस्कर कार छोड़ कर हो गये फरार
रुद्रपुर। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में ड्रग्स,मादक पदार्थ व कच्ची शराब के कारोबार में लिप्त तस्करों के खिलाफ धर-पकड़ की कार्रवाई का अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना पुलभट्टा प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में की जा रही चैकिंग के दौरान कार में सवार दो लोग पुलिस को देख कर भाग निकले। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उससे कच्ची शराब का जखीरा बरामद हुआ। पुलिस ने कार को सीज कर फरार तस्करों पर मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना पुलभट्टा को प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
जानकारी के मुताबिक,थानाध्यक्ष पुलभट्टा टीम के साथ सितारगंज रोड पर चैकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक अल्टो कार सितारगंज से पुलभट्टा की ओर आती दिखाई दी। पुलिस को देख कर कार में सवार दो लोग मौके पर कार छोड़ कर भाग निकले। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया और तलाशी ली तो उसमें कच्ची शराब का जखीरा बरामद किया। थानाध्यक्ष के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार से कच्ची शराब की सप्लाई होती है। उसी कार से दो लोग कच्ची शराब लेकर आ रहे हैं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए कार को कब्जे ले लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि अल्टो कार में दो लोग थे। जांच पड़ताल में कार में सवार बैठे लोगों की जानकारी जुटाई तो पता चला कि कार में चंदू सिंह व सोनू सिंह, दोनों निवासी टिब्बा बसगर शक्ति फार्म थाना सितारगंज थे। उन्होंने बताया कि कच्ची शराब गांव पुलभट्टा के गुरुदेव सिंह व उसके आस पास के लोगों के यहां पहुंचनी थी। पता चला कि दोनों फरार व्यक्ति काफी समय से शराब की सप्लाई कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस के पीछा करने पर दोनों कार से उतर कर खेतों की तरह भाग गए। गाड़ी के पीछे सीट में चार प्लास्टिक के कट्टे रखे थे। इसके अलावा तीन रबर ट्यूब थे । बरामद शराब करीब 605 लीटर है। पुलिस ने कार को सीज कर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश शुरु कर दी है। टीम में थानाध्यक्ष के अलावा एसआई दीपा अधिकारी, एएसआई सुरेश पसबोला, हेड कांस्टेबल फिरोज खान, धरमवीर सिंह, ललित चौधरी, महेन्द्र सिंह, चारू पन्त व दीपक सिंह वबिष्ट आदि शामिल थे।
