जयहिंद: हजारों नम आंखों से दी गयी असम राइफल्स के जवान सुनील सिंह रावत को अंतिम विदाई
रामनगर। स्थानीय निवासी असम राइफल्स के जवान सुनील सिंह रावत को यहां हजारों नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। सैन्य सम्मान के साथ जवान का अंतिम संस्कार किया गया। जवान की शव यात्रा में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। दूसरी ओर मृतक जवान की पत्नि और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरा परिवार इस ह्रदय विदारक घटना से सदमे में है।
गौरतलब है कि रामनगर क्षेत्र के ग्राम भगुवा बंगर निवासी 40 वर्षीय सुनील सिंह रावत असम राइफल्स में जवान के पद पर तैनात थे। उनकी पत्नी नीलम रावत एक स्थानीय निजी स्कूल में अध्यापन करती हैं। परिवार में 12 वर्षीय बेटी सोनल रावत, 9 वर्षीय बेटी आंचल रावत और 6 वर्षीय बेटा आरुष रावत हैं। मृतक जवान सुनील सिंह रावत हाल ही में एक महीने की छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। 8 जुलाई को वापस अपनी ड्यूटी ज्वाइन करने घर से निकले लेकिन वहां तक पहुंच नहीं पाये। गुवाहाटी के पास ट्रेन से उतरते समय वह अनियंत्रित होकर ट्रेन से नीचे गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दुर्भाग्यवश इलाज के दौरान सेना के अस्पताल में उनकी दुखद मौत हो गई ई। उनकी पार्थिव देह बीते रोज रामनगर पहुंची। सुनील सिंह रावत को तिरंगे में लिपटा देख क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी। जवान को अंतिम विदाई देने जनसैलाब उमड़ पड़ा। जवानों द्वारा सैन्य सम्मान के साथ मृतक जवान को अंतिम विदाई दी गई। जवान की पत्नी और बच्चों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है जबकि पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
