आफ़त: जंगली हाथियों ने बर्बाद कर डाली गन्ने की फसल, किसानों की परेशानी से वन विभाग बेपरवाह
देहरादून। डोईवाला क्षेत्र में हाथियों द्वारा गन्ने की फसल को बर्बाद कर दिया गया और वन विभाग के अधिकारी राजा जी नेशनल पार्क व शिवालिक रेंज का हवाला देकर किसानों को टरका दे रहे हैं।
डोईवाला के झबरावाला गांव मे राजा जी नेशनल पार्क से निकल कर रोजाना हाथियों द्वारा गन्ने की फसल को बर्बाद किया जा रहा है। किसानों को रात भर जाग कर अपने खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है। अपनी जान हथेली पर रखकर भारी बरसात में किसानों को फ़सल बचाने के लिए बड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। वन विभाग को कई बार सूचना दिए जाने के बावजूद कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्राम खैरी निवासी नरेंद्र सिंह ने बताया कि कल 12 जुलाई की रात को भी झबरावाला में नरेंद्र सिंह, दलजीत सिंह, बीर सिंह, मुकेश थापा, त्रेपन सिंह नेगी, तुलसी सिंह, करीमुद्दीन, तारा चंद, ओम बहादुर गुरुंग, गोपाल तिवारी, हुकम सिंह आदि कई किसानों के खेतों में घुस कर हाथियों ने गन्ने की फसल को रौंदा और तहस नहस कर दिया, परन्तु वन विभाग हाथ पर हाथ रखकर किसानों की बर्बादी का नजारा देख रहा है। उन्होंने बताया कि जब वह राजा जी नेशनल पार्क वालों के पास जाते हैं तो वहां तैनात वनकर्मी बोलते हैं कि शिवालिक प्रभाग वालों के पास जाएं और यदि शिवालिक वालों के पास जाते हैं तो वह राजा जी पार्क वालों के पास भेज देते है। आखिर हाथी किसके हैं, ये अभी तक किसान नहीं जान पाये। आखिर किसान अपनी शिकायत लेकर जाएं कहां। बस इसी पशोपेश में किसान अपनी फसलों को बर्बाद होते देख रहा है।
