ब्रेकिंग न्यूज: पहाड़ी से खिसककर यात्रियों की गाड़ी पर आ गिरा चट्टानी मलबा, चार की दर्दनाक मौत, छः लोग घायल
देहरादून। अतिवृष्टि के प्रकोप से जूझ रहे उत्तराखंड हादसों का सिलसिला भी तेज़ होता जा रहा है। आए दिन कहीं न कहीं से सड़क दुघर्टना ओ की खबरें सामने आ रही हैं। मंगलवार की सुबह भी पर्वतीय क्षेत्र में एक बड़ी दुर्घटना की खबर लेकर आयी है।
चार अभागे लोगों की जिंदगी छीन लेने वाला यह हादसा गंगोत्री नेशनल हाईवे में मंगलवार तड़के हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के इंदौर निवासी तीर्थयात्रियों का एक जत्था एक टैम्पो ट्रेवल्स और दो छोटे वाहनों पर गंगोत्री नेशनल हाईवे से गुजर रहा था। सूनगर के पास अचानक पहाड़ी के ऊपर से चट्टानी मलबा और बोल्डर यात्रियों के एक वाहन पर आ गिरा, जिससे एक महिला सहित 4 तीर्थयात्रियों की दर्दनाक मौत हो गयी। हादसे में 06 यात्री बुरी तरह घायल हो गए।

सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे राहत एवं बचाव दल, SDRF और स्थानीय पुलिस द्वारा सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल भटवाड़ी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। चट्टानी मलबे की चपेट में आने से यात्रियों की टेंपो ट्रेवल्स और अन्य वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। SDRF के अनुसार लगातार बारिश के चलते घटनास्थल के आसपास के इलाक़े में चट्टानों से बड़े-बड़े पत्थर और बोल्डर अब भी नीचे गिर रहे हैं, जिसके कारण वाहनों की आवाजाही पर बुरा असर पड़ा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए इन तीनों वाहनों में कुल 22 यात्री सवार थे। सुरक्षित बचे यात्रियों को घटनास्थल के नजदीकी होटलों में ठहराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर SDRF एवं आपदा प्रबंधन विभाग के स्वयंसेवकों सहित पुलिस, अग्निशमन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच कर बचाव कार्य में जुटे रहे।
