अंकिता हत्याकांड: माता पिता ने छोड़ी न्याय मिलने की उम्मीद, प्रशासन को दी आत्मदाह की चेतावनी

अंकिता हत्याकांड:  माता पिता ने छोड़ी न्याय मिलने की उम्मीद, प्रशासन को दी आत्मदाह की चेतावनी
Spread the love

पौड़ी। अंकिता भंडारी के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और माता सोनी देवी भंडारी सरकारी वकील को बदले जाने की मांग कर रहे हैं। अंकिता के पिता ने सरकारी वकील न बदले जाने पर अपनी पत्नी के साथ आत्मदाह की चेतावनी दी है। वीडियो सोशल मीडिया में आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया।
एसडीएम पौड़ी के नेतृत्व में टीम ने अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की। उन्हें प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया। बृहस्पतिवार को अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी भंडारी ने सोशल मीडिया के जरिये सरकारी वकील को न हटाने पर आत्मदाह की चेतावनी दी थी। शुक्रवार को एसडीएम पौड़ी मुक्ता मिश्रा, कोतवाल गोविंद कुमार, एसएसआई महेश रावत सहित एक टीम अंकिता के गांव डोभ, श्रीकोट पहुंची। यहां पर उन्होंने अंकिता भंडारी के माता पिता को बातचीत कर समझाया। वहीं अंकिता भंडारी के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि वे एक जून से अंकिता के केस से सरकारी वकील को हटाने की मांग कर रहे हैं। लेकिन अभी तक सरकारी वकील को हटाया नहीं गया। उन्होंने
कहा कि गवाहों के बोलने से पहले वकील खुद ही बयानों को बोल देते हैं। इससे केस कमजोर पड़ रहा है। बयान बदले जा रहे हैं,
इससे उन्हें उनकी बेटी को न्याय मिलने की उम्मीद नहीं लग रही है। वीरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि सरकारी वकील को हटाने के लिए मुख्यमंत्री से भी मुलाकात करेंगे।

Parvatanchal