शिकंजा: नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2 महिलाओं सहित 6 गिरफ्तार

शिकंजा: नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2 महिलाओं सहित 6 गिरफ्तार
Spread the love

सरगना फरार, शराब बनाने के उपकरण बरामद

उधमसिंहनगर। नकली देशी शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो महिलाओं सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में बनाई गयी शराब, शराब बनाने के उपकरण व कई वाहन बरामद किये हैं। हालांकि इस दौरान गैंग का सरगना फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है।
एसएसपी उधमसिंहनगर डा. मंजूनाथ टी सी द्वारा बताया गया कि एसओजी टीम को सूचना मिली कि गुलरभोज थाना गदरपुर क्षेत्र में कुछ लोग नकली शराब बनाने का कारोबार कर रहे हैं और उनका एक वाहन नकली शराब सहित क्षेत्र में आने वाला है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए एसओजी द्वारा क्षेत्र में चैंकिंग अभियान शुरू कर दिया गया। इस दौरान जब चन्दायन पुलिया के पास गुलरभोज की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध टैम्पू को रोक कर चैक किया गया तो उसमें रखी 88 पेटी देशी शराब गुलाब मार्का (4224 पव्वे) बरामद हुई। इस पर जब ड्राइवर से पूछताछ की गयी तो उसने अपना नाम सुखदेव सिंह पुत्र जोगेन्द्र सिंह, निवासी गाँव कुआखेड़ा, थाना बढ़ापुर, जिला बिजनौर बताया। बताया कि मेरे टैम्पू ट्रेवल में जो देशी शराब की पेटियां हैं, उसे वह रोशनपुर स्थित मकान में बनी फैक्ट्री में तैयार करते हैैं। शराब बनाने के कैमिकल का स्टॉक कुंडेश्वरी, काशीपुर स्थित गोदाम में है।  इस पर एसओजी द्वारा आरोपी सुखदेव की निशादेही पर रोशनपुर स्थित मकान से अवैध शराब का कारोबार करते हुए राजकौर पत्नी सन्दीप सिंह, निवासी फायर सर्विस के पास काशीपुर, नीलम पत्नी मंजीत सिंह, निवासी बाजपुर, सन्दीप सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह, निवासी मुण्डिया कलां बाजपुर, राजेन्द्र सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह, निवासी मुण्डिया कलां बाजपुर व मंजित सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह, निवासी मुण्डिया कलां, बाजपुर को पव्वों में पाईप के माध्यम से शराब भरते हुए व पैकिंग मशीन से पव्वों का ढक्कन शील करते हुए गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही एसओजी द्वारा मौके पर खाली पव्वों के ढक्कन बाजपुर गुलाब लिखी चिटें,ं उत्तराखंड शासन, उत्तराखंड आबकारी विभाग लिखी चिटें व भारी मात्रा में तैयार नकली शराब, हौंडा सिटी कार सहित अन्य शराब बनाने के उपकरण बरामद किये। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोग यह काम सुखबिन्दर सिंह उर्फ सोनू पुत्र अज्ञात, हाल निवासी बेरिया दौलत, केलाखेड़ा उधमसिंहनगर के लिए करते हैं तथा रोशनपुर स्थित अवैध देशी शराब बनाने की फैक्ट्री में शराब तैयार कर बेचने के लिए कुमाऊं में पहाड़ी क्षेत्रों में ले जाते हैं, जहां पर यह शराब आसानी से बिक जाती है। एसओजी द्वारा उनके खिलाफ थाना गदरपुर में सम्बन्धित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया गया। वहीं फरार सरगना के खिलाफ छापेमारी जारी है।

Parvatanchal