पहल: सीमांत क्षेत्र में खुलेंगे समुदाय आधारित ‘सोच स्टडी सेंटर’

पहल: सीमांत क्षेत्र में खुलेंगे समुदाय आधारित ‘सोच स्टडी सेंटर’
Spread the love

 

संवाददाता
पिथौरागढ़, 6 नवम्बर।

सीमांत क्षेत्र में पहली समुदाय आधारित “सोच स्टड़ी सेन्टर ” बांसबगड़ में खोली जा रही है। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई है।  “एक किताब दुनियां बदल सकती है” के नारे के साथ मुनस्यारी तथा धारचूला में भी इसी तरह के सेंटर खोलने की योजना है।

जिपं सदस्य तथा सोसायटी फार एक्सन इन हिमालया के अध्यक्ष एवं निदेशक जगत मर्तोलिया ने लंबे समय से सोशल साइटों में चर्चा में चल रही इस मुहिम को आज सार्वजनिक किया।

मर्तोलिया ने बताया कि समुदाय के सहयोग से इसका संचालन किया जायेगा। सोच संस्था के साथ जिला प्रशासन तथा शिक्षा विभाग को इस मुहिम का सहयोगी पार्टनर बनाया जा रहा है।

मर्तोलिया ने बताया कि चीन सीमा से लगे अति दुर्गम क्षेत्र बांसबगड़ में पहला इस तरह का स्टड़ी सेंटर खुलेगा। उसके बाद मुनस्यारी तथा धारचूला में खोला जायेगा। मर्तोलिया ने कहा कि यह यूनिक इस मामले में है , कि इसका संचालन समुदाय करेगा। स्कूल के बच्चों तथा गांवों में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह सेंटर लाभदायी होगा।

अध्ययन के लिए ग्राम सुधार की किताबें भी रखी जायेंगी, जो समाज का किसी उम्र का व्यक्ति भी पढ़ सकता है।

मर्तोलिया ने कहा कि जिला पंचायत के बजट को भी अब वे इन सेंटरों को संवारने के लिए खर्च करेंगे। समाज में पढ़ने की आदत पैदा करने के लिए इन सेंटरों की आने वाले समय में बड़ी भूमिका होगी।

मर्तोलिया ने कहा कि हमारा पहला लक्ष्य होगा कि हम इन सेंटरों से इंसान का निर्माण करें। बाद में वह नौकरी या रोजगार जो भी करेगा वह उसका लक्ष्य होगा। समुदाय आधारित इस मुहिम के लिए स्वयंसेवकों से आगे आने की अपील की गई है। सोशल साइट में इस अपील के वायरल होते ही युवा, महिलाएं, पूर्व सैनिक, शिक्षक, पंचायत प्रतिनिधि सहित सामाजिक कार्यकर्ता आगे आने लगे हैं।

इससे उत्साहित होकर मर्तोलिया ने कहा कि हमारा लक्ष्य तो हर न्याय पंचायत तक पहुंचने का है। अपनी इस मुहिम में उन्होंने सभी से सहयोग की अपील की है।

Parvatanchal