दो टूक: सनातन संस्कृति से खिलवाड़ करने वालों को बर्दाश्त नहीं करेगी सरकार, सीएम धामी ने चेताया
देहरादून। उत्तराखंड की सनातन संस्कृति से खिलवाड़ करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
एक संवाद कार्यक्रम में यह बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा कही गयी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उत्तराखंड की सनातन संस्कृति से खिलवाड़ करने वालों को हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि पुरोला की घटना जनमानस की स्वाभाविक प्रतिक्रिया थी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का एक सनातन स्वरूप रहा है, ये देवभूमि है, कुछ लोग यहां की संस्कृति पर हमले करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से सरकारी जमीनों पर कब्जे कर रहे हैं। जब ऐसी रिपोर्ट्स हमारे पास आईं तो हमने एक अभियान शुरू किया और अकेले वन विभाग की ढाई हजार एकड़ जमीन खाली करवा दी गयी है। उन्होंने कहा कि यह अभियान जारी है। करीब तीन हजार हैक्टेयर जमीन और चिन्हित की गई है, जिसे खाली करवा दिया जायेगा।
सीएम ने कहा कि चार मैदानी जिलों में नदियों के किनारे, नहरों के किनारे, ग्राम सभा, जहां-जहां सरकारी जमीन मिली वहां बाहर से लोग आकर बसने लगे, जिन्हें हटना होगा। हमने उन्हें तीन महीने पहले बोल दिया था कि सरकारी जमीन के कब्जों को खुद छोड़ दें, नहीं तो हम खाली करवाएंगे और ये अभियान जारी है और तब तक जारी रहेगा जब तक एक फुट जगह भी कब्जे में रहेगी।
लव जिहाद को लेकर सीएम ने कहा कि नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर,मतांतरण के लिए दबाव डालने की हरकत करना, नाम बदलकर फेक आईडी बनाकर आप हरकत करोगे तो प्रतिक्रिया होगी। राज्य में सख्त धर्मांतरण कानून है। उत्तराखंड की सनातन संस्कृति के साथ खिलवाड़ करने वालों को हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। सीएम ने यह भी कहा कि किसी को कानून हाथ में लेने की जरूरत नहीं है, उसके लिए सरकार है।

