दुखद: सड़क दुर्घटना में दो स्कूटी सवारों की दर्दनाक मौत, अंत्येष्टि में शामिल होने जा रहे थे मृतक

दुखद: सड़क दुर्घटना में दो स्कूटी सवारों की दर्दनाक मौत, अंत्येष्टि में शामिल होने जा रहे थे मृतक
Spread the love

रामनगर। किसी परिचित की अंत्येष्टि में शामिल होने जा रहे दो व्‍यक्तियों की प्राइवेट बस की चपेट में आने से मौत हो गई। बस की चपेट में एक कार भी आ गई। दुर्घटना इतनी खतरनाक थी कि दोनों स्कूटी समेत बस के नीचे घुस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को मोहल्ला भरतपुरी निवासी गिरीश चंद्र पांडे उर्फ गोरी पांडे (40) पुत्र दयाकिशन व विक्रम सिंह नेगी (42) पुत्र भरत सिंह नेगी एक ही स्कूटी से मोहल्ले के एक व्यक्ति की अंत्येष्टि में जा रहे थे। इसी बीच एक खाली प्राइवेट बस लखनपुर से आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस ने उल्टी दिशा में आकर स्कूटी को टक्कर मार दी तो स्कूटी बस के नीचे घिसटती हुई चली गई। इस बीच बस ने एक कार को भी टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर लोग बचाव के लिए दौड़े। इससे रानीखेत रोड में जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद से दोनों घायलों को बस के नीचे से बाहर निकाला।
उन्हें उपचार के लिए सरकारी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बस को जेसीबी की मदद से साइड करवाया। बस चालक फरार बताया जा रहा है।

Parvatanchal