पतन: चोरी के 22 मोबाइल सहित बीटेक का छात्र गिरफ्तार, पैसे की तंगी ने बना दिया अपराधी

पतन: चोरी के 22 मोबाइल सहित बीटेक का छात्र गिरफ्तार, पैसे की तंगी ने बना दिया अपराधी
Spread the love

हरिद्वार। घाटों पर नहाने वालों की स्कूटी से मंहगे मोबाइल चोरी करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके पास से चुराये गये लाखों रुपये के 22 मोबाइल, 6 स्कूटी की चाबियां बरामद की हैं। आरोपी बीटेक का छात्र है, जो पैसों की तंगी के चलते मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम दिया करता था।
जानकारी के अनुसार, बीती 14 जून को शिवांश माहेश्वरी निवासी सुखधाम दादू बाग द्वारा थाना कनखल में तहरीर देकर बताया गया था कि प्रेमनगर पुल के पास उसकी और उसके दोस्त यश राजपूत की स्कूटी से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोबाइल चोरी कर लिया गया है। हालांकि आरोपी को सीपीयू पुलिस कर्मियों द्वारा पकड़ लिया गया, जिसके कब्जे से उनके चोरी किये गये दोनों मोबाइल बरामद हुए हैं। पकड़े गए शख़्स से सख्ती से पूछने पर उसने अपना नाम नवनीत पुत्र कमल किशोर निवासी लखनऊ बताया। उसने बताया कि वह लखनऊ का रहने वाला है और रुड़की से बीटेक मैकेनिकल की पढ़ाई कर रहा है। वह कनखल में ही राजपूत धर्मशाला में रहता है। घर से खर्चे के पैसे न मिलने पर उसने मोबाइल चोरी करने का तरीका ढूंढा और स्कूटी की कई सारी चाबियां बनवा कर घाटों के आसपास खड़ी स्कूटी से मोबाइल चुराने लगा। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस द्वारा चोरी के 22 मोबाइल, 6 चाबियां, 16 सिम कार्ड, 3 अदद मेमोरी कार्ड बरामद किए गए। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Parvatanchal