तनाव: प्रशासन की सख्ती के बावजूद महापंचायत के लिए अडे़ हिंदू संगठन, तैयारियों को लेकर की बैठक
उत्तरकाशी। उत्तराखंड में महापंचायत को लेकर अब विवाद भी शुरू हो गया है। पुरोला में महापंचायत को लेकर प्रशासन ने किसी भी संगठन को अनुमति नहीं दी है। परंतु, महापंचायत करवाने को लेकर विश्व हिंदू परिषद व हिंदू संगठन पूरी तरह से अड़े हुए हैं।
महापंचायत की तैयारियों को लेकर उत्तरकाशी हनुमान मंदिर में विश्व हिंदू परिषद व हिंदू संगठनों की बैठक हुई। जिसमें विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष व बजरंग दल के प्रदेश संयोजक अनुज वालिया ने कहा कि लव जिहाद और लैंड जिहाद कैंसर की तरह है। इसका उपचार शुरुआत में ही संभव है।
अनुज वालिया ने कहा कि जो गाय-गंगा, हमारी मिट्टी और हमारी बहू बेटियां का अपमान करेगा उसको बजरंग दल माफ नहीं करेगा। हम किसीके दबाव में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों के लिए ये इंसाफ की लड़ाई जारी रहेगी। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन जिहादियों को संरक्षण देने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठन इस प्रयास को विफल करेंगे जो हमारा संकल्प है, वह पूरा होकर रहेगा। वालिया ने कहा कि उत्तराखंड की बेटी, यहां की मिट्टी और संस्कृति की रक्षा के लिए पुरोला में महापंचायत होगी। इस महापंचायत की अनुमति प्रशासन ने नहीं दी है, लेकिन इसकी तैयारियां भी पूरी हो गई हैं।

