खुलासा: नदी में मिले दो कटे पैरों से हुई गुमशुदा महिला की पहचान, कटे पंजे का रहस्य बरकरार
मामले क जांच पड़ताल में जुटी है पुलिस
बाजपुर। बीते 7 जून को उधमसिंहनगर जिले के केलाखेड़ा की बौर नदी में एक महिला के कटे पैर मिले थे। नदी के पास मिले कपड़ों और अंगों से महिला की पहचान जोगिंदर कौर के रूप में हो गई है। हालांकि, नदी में एक अन्य कटा पंजा भी मिला था, जिसकी शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। पुलिस ने भी सबूतों के आधार पर इसे मर्डर केस माना है। पुलिस की कई टीमें मामले के खुलासे के लिए जुटी हुई हैं। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व नदी में दो कटे पैर व पंजे मिले थे। जिससे पुलिस महकमें मे हड़कंप मच गया था। बताया जा रहा है कि रम्पुरा काजी में जोगिंदर कौर नाम की एक महिला अपने छह भाईयों के साथ रहती थी। छह जून से महिला गायब थी। उसके बाद सात जून को उसके भाईयों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। इस बीच सात जून को ग्रामीणों ने बौर नदी में दो कटे पैर, एक पंजा और एक कपड़ा बरामद किया। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि नदी में मिले कपड़ों और पैर के टुकड़ों से जोगिंदर कौर के परिजनों ने उसकी पहचान की। मानव अंगों के अवशेष हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। जिसे देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। नदी में मिले एक अन्य पैर के पंजे के बारे में अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। इस मामले मे जांच की जा रही है।

