एक्शन: नाबालिग को भगाने और धर्मपरिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप, युवक के खिलाफ़ मुकदमा दर्ज़
देहरादून। यहां एक नाबालिग युवती को भगाकर ले जाने के बाद उस पर धर्मपरिवर्तन करने का दबाव बनाने और ऐसा न करने पर जान से मार डालने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केदारपुरम निवासी महिला ने नेहरू कालोनी थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि वह एक गरीब विधवा महिला है। उसकी पुत्री जो कि नाबालिग है, को बाबर खान पुत्र अहसान, निवासी सिघंल मण्डी द्वारा वर्ष 2021 में अपना नाम राहुल राम बताकर बहला फुसला कर अजमेर ले गया। वहां जाकर उसके साथ बलात्कार किया, जिसका मुकदमा प्रार्थिनी द्वारा थाना पटेलनगर में पंजीकृत कराया गया था। इस कारण बाबर व उसके परिवार वाले उसको लगातार डरा धमकाकर परेशान करते थे और मुकदमा वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी देते थे। जेल से छूटने के बाद बाबर ने उसकी पुत्री व उसको भी बहुत धमकाया। उसने लव जिहाद को लेकर भी कई आपत्तिजनक बातें बोलकर हमें डराने की कोशिश की। शिकायत में कहा गया है कि लगभग 10 दिन पूर्व बाबर प्रार्थिनी के घर में आया तथा आते ही उसको धमकी देने लगा कि वह उसकी बेटी को नहीं छोड़ेगा और फिर से भगाकर ले जाएगा। उसने प्रार्थिनी की बेटी का धर्म बदलकर उसे दूसरे शहर में ले जाकर बेच देने की धमकी भी दी। वह बाबर की धमकी से बहुत डरी हुई व भयभीत है। इस शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

