शिकंजा: एक और मुन्नाभाई गिरफ़्तार, दूसरे की जगह परीक्षा देने बिहार से दून पहुंचा था युवक
देहरादून। एसएससी द्वारा आयोजित परीक्षा में दूसरे की जगह परीक्षा देने पहुंचे युवक को संस्थान ने पकडकर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माया इंस्टीटयूट के सीनियर सिस्टम एडमीन राकेश सेमवाल ने सेलाकुई थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि आज माया इंस्टीट्यूट की तृतीय पाली के एसएससीएमटीएस की परीक्षा थी, जो एसएससी द्वारा आयोजीत कराई जा रही थी। उसमें एक अभ्यर्थी जिसका नाम हिम्मत सिंह गुर्जर पुत्र जतन सिंह गुर्जर, निवासी करोली राजस्थान की परीक्षा हेतु रूम नं 3 बी में स्थान था। जब परीक्षा केंद्र में आये अभ्यर्थियों के कागजों की जांच कर परीक्षा केंद्र में प्रवेश कराया जा रहा था तो एक अभ्यर्थी हिम्मत सिंह गुर्जर के प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड सहित आया। उसके प्रवेश पत्र तथा आधार कार्ड का मिलान किया गया तो दोनों पर लगा फोटो अलग-अलग पाया गया। इस पर अभ्यार्थी को रोक कर पूछा गया तो उसने अपना नाम मनीष कुमार पुत्र अरविंद प्रसाद, निवासी नई सराय, बिहार और अभ्यर्थी हिम्मत सिंह गुर्जर के स्थान पर आधार कार्ड पर फोटो बदल कर परीक्षा देने आना बताया। उसके बाद संस्थान ने घटना की जानकारी सेलाकुई थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

