विवाद: देर रात रास्ता रोकने को लेकर दो समुदायों के बीच टकराव, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत कराया मामला
देहरादून। देर रात को प्रदेश की राजधानी दून में रास्ता रोकने को लेकर दो समुदाय के कुछ लोगों के बीच झगड़ा हो गया। देखते-देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और पत्थर चल पड़े। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़े को शांत कराया।
मिली जानकारी के अनुसार, आलम और उसका भाई सैम दोनों निवासी पटेलनगर सत्तोवाली घाटी से पटेलनगर की तरफ आ रहे थे। रास्ते में दोनों का आयुष डिमरी नामक युवक से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। आरोप है कि आयुष ने उनका रास्ता रोका।
दोनों पक्षों के लोगों ने अपने साथियों को बुला लिया और कुछ देर खूब हंगामा हुआ। मामला बढ़ता देख बसंत विहार, पटेलनगर और शहर कोतवाली की पुलिस को मौके पर पहुंची। थोड़ी देर में मामला शांत हो गया था।
उधर, डाकपत्थर क्षेत्र में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली में 16 मई को दी तहरीर में महिला ने एक दंपत्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
वहीं, दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति ने दो महिलाओं समेत तीन के खिलाफ तहरीर दी। तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी बीएल शाह द्वारा की जा रही है।

