एक्शन: स्पा सेंटर और कैफे में पुलिस ने की छापेमारी, संचालक हुए फरार

एक्शन: स्पा सेंटर और कैफे में पुलिस ने की छापेमारी, संचालक हुए फरार
Spread the love

 

उधमसिंहनगर। स्पा सेंटर और कैफें में एंटी ह्यूमन ट्रेफिकिंग टीम व पुलिस की छापेमारी से हड़कंप मच गया। हालांकि इस दौरान स्पा सेंटर व कैफे के संचालक भाग निकले, इस पर संयुक्त टीम द्वारा वहां नोटिस चस्पा कर दिया गया है।
छापेमारी की यह कार्यवाही जिलेे के काशीपुर क्षेत्र में देर शाम हुई है। यहां एंटी ह्यूमन ट्रेफिकिंग टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ बाजपुर रोड स्थित कैफे और स्पा सेंटर में छापेमारी की। यह कार्रवाई ट्रैफिकिंग टीम इंचार्ज बसंती आर्य व सीओ वंदना वर्मा के नेतृत्व में की गई। गौरतलब है कि काशीपुर में एक स्थानीय मॉल में चल रहे कैफे व स्पा सेंटर पर एक सूचना के तहत छापेमारी की गयी थी। इस दौरान काशीपुर सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि काफी समय से कुछ होटल कैफे व स्पा सेंटर, जहां पर अवैध तरीके से कार्य हो रहे थे, की शिकायतें मिल रही थीं। उसकी गोपनीय तरीके से जांच भी की गयी थी। देर शाम एंटी ह्यूमन ट्रेफिकिंग टीम व काशीपुर पुलिस ने होटलों व मॉल में स्पा सेंटर कैफे पर छापेमारी की लेकिन कार्रवाई करने से पहले ही कुछ लोग अपना स्पा सेंटर व कैफे बंद कर के भाग गए। पुलिस टीम ने उनसे फोन पर संपर्क भी किया व अन्य तरीकों से भी संपर्क करने की कोशिश की। संपर्क न होने पर पुलिस द्वारा एक नोटिस चस्पा कर दिया गया है कि होटल, कैफे व स्पा सेंटर के वैध पेपर एंटी ह्यूमन सेल कोतवाली में ले जाकर अपना वेरिफिकेशन भी करवाएं। साथ ही स्पा सेंटर व कैफे के शीशों पर किसी भी प्रकार का पोस्टर नहीं लगाएंगे और साथ ही सीसीटीवी कैमरे के अंतर्गत ही कैफे व स्पा सेंटर चलाये जाएंगे। चेतावनी दी गयी है कि जो नियमों का पालन नहीं करेगा, उस पर कार्यवाही की जाएगी।

Parvatanchal