हनी ट्रैप: पत्नी को चारा बनाकर शिक्षक को फंसाया जाल में, फिर नगदी समेत लूट लिये स्कूटी और मोबाइल

हनी ट्रैप: पत्नी को चारा बनाकर शिक्षक को फंसाया जाल में, फिर नगदी समेत लूट लिये स्कूटी और मोबाइल
Spread the love

 

दंपत्ति सहित चार लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रुद्रपुर। यहां पुलिस ने एक हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश करते हुए दंपत्ति सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गैंग पर आरोप है कि उन्होंने एक शिक्षक को अपने जाल में फंसाकर उससे 40 हजार की नगदी, स्कूटी, क्रेंडिट कार्ड तथा मोबाइल आदि ठग लिया था। हैरानी की बात यह है कि गैंग के सदस्य ने अपनी पत्नी को ही चारा बनाकर शिक्षक को अपने जाल में फंसाया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पिछले दिनों काशीपुर निवासी एक शिक्षक ने आईटीआई थाने में तहरीर देकर बताया था कि फेसबुक के जरिए उसकी एक युवती से दोस्ती हो गयी थी। उसके बाद उनकी लगातार बातें होती रहीं। पीड़ित ने बताया कि बीती 21 अप्रैल को वह युवती का जन्मदिन मनाने के लिए उसके बुलावे पर जसपुर स्थित रुद्राक्ष गार्डन गया था। जहां युवती उसे एक कमरे में ले गयी। उसी दौरान युवती के अन्य साथी भी उस कमरे में पहुंच गये। उन्होंने दोनोें की आपत्तिजनक स्थिति में वीडियो बनाने के बाद उसे सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देते हुए उससे 2 लाख रुपये की मांग की। इसके साथ ही उसके साथ मारपीट भी करने लगे। पीड़ित ने बताया कि इस पर उसने अपने एक परिचित को बुलाकर उससे 30 हजार नगद व 10 हजार गूगल पे से आरोपियों को दे दिये। इस दौरान आरोपियों ने उसकी स्कूटी, क्रेडिट कार्ड, और मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने पीड़ित शिक्षक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस ने एक सूचना के बाद आरोपी अंकित और उसकी पत्नी तमन्ना के साथ ही सनी पुत्र कन्हैया लाल, निवासी बाजपुर व सुमित कुमार पुत्र हर स्वरूप को गिरफ्तार कर लिया, जिनके पास से शिक्षक की स्कूटी, मोबाइल व क्रेडिट कार्ड सहित 20 हजार रुपये की नगदी भी बरामद कर ली गयी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Parvatanchal