शिकंजा: टीचर के घर चोरी करने वाली छात्रा प्रेमी सहित गिरफ्तार

शिकंजा:  टीचर के घर चोरी करने वाली छात्रा प्रेमी सहित गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। दून पुलिस ने ट्यूशन टीचर के घर लाखों की चोरी करने वाली छात्रा को प्रेमी के साथ गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के जेवरात बरामद कर लिये। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको न्यायालय में पेश किया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गुरुवार को इसकी जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक नगर सरिता डोबाल ने बताया कि विरेन्द्र कुमार, निवासी चकशाह नगर, थाना नेहरू कालोनी द्वारा थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि 20 अप्रैल को वह अपने परिवार के साथ एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिये रुड़की गये थे। 4-5 दिन बाद जब वह अपने घर वापस आये तो उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था तथा चोर द्वारा उनके घर की आलमारी में रखी ज्वैलरी व अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष नेहरू कालोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा घटनास्थल के आस-पास की सीसीटीवी फुटेजों का अवलोकन किया गया, जिससे महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। गत रात्रि पुलिस नेे चकशाहनगर ग्राउण्ड से दो लोगों को गिरफ्तार किया, जिनकी निशानदेही पर चकशाहनगर ग्राउण्ड के पास झाड़ियों के नीचे से घटना में चोरी की गयी ज्वैलरी व अन्य सामान बरामद किया गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम सोनिया पुत्री मनोज पंडित, निवासी चकशाहनगर, थाना नेहरू कॉलोनी व अमरपाल पुत्र राम प्रसाद, निवासी उपरोक्त बताये।
पूछताछ में सोनिया द्वारा बताया गया कि वो 12 वीं की छात्रा है तथा विरेन्द्र के घर ट्यूशन पढने जाती है, जहां उनकी पत्नी उसे ट्यूशन पढ़ाती है। कुछ दिन पूर्व उनकी पत्नी ने उसे बताया कि उनकी रिश्तेदारी में शादी होने के कारण वह 4-5 दिनों के लिये घर से बाहर जा रहे हैं। इसकी जानकारी उसने अपने मित्र अमरपाल को देते हुए अपनी ट्यूश्न टीचर के घर में चोरी की योजना बनाई। चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद दोनों ने  चोरी की गयी ज्वैलरी को चकशाहनगर ग्राउण्ड के पास झाड़ियों में छिपा दिया था तथा चोरी की गयी नगदी को लेकर दोनों रात्रि में ही हरिद्वार चले गये तथा रात्रि में हरिद्वार में रुककर सुबह चुपचाप अपने घरों को वापस आ गये। चोरी की गयी नगदी में से बचे हुए 10000 रुपये सोनिया द्वारा अपने खाते में जमा करा दिये गये थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर जेवरात बरामद कर लिये। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको न्यायालय में पेश किया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Parvatanchal