ब्रेकिंग न्यूज: गृहमंत्री शाह के हरिद्वार आगमन का महिला कांग्रेस ने किया कड़ा विरोध, ज्योति रौतेला समेत कई कार्यकर्ता गिरफ्तार
देरादून। कांग्रेस के शीर्ष नेता एवं पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा से सदस्यता खत्म किए जाने के बाद कांग्रेस का देशभर में विरोध चरम पर है। कांग्रेस ने इस मामले में केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। गुरुवार को केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हरिद्वार आगमन का महिला कांग्रेस ने जमकर विरोध किया। विरोध कर रहे कांग्रेसियों पर पुलिस ने बलप्रयोग करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
देश के गृहमंत्री अमित शाह के गुरुवार को देवभूमि हरिद्वार आगमन पर उत्तराखंड महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में काले झंडे दिखा कर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर महिला कांग्रेस नेत्री ज्योति रौतेला ने कहा कि भारतीय जनता का लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। लगातार केन्द्र सरकार जनता के हकहकूकों पर कुठाराघात कर रही है। जनता के हितों के लिए आवाज उठाने वाले विपक्ष के नेताओं का भी तानाशाही तरीके से दमन किया जा रहा है, जिससे देश का लोकतंत्र खतरे में पड़ गया है। उन्होंने कहा कि धर्मभूमि हरिद्वार देवभूमि का द्वार है। यहां आकर अमित शाह ने देवभूमि का अपमान करने का काम किया है। विरोध प्रदर्शन में वरिष्ठ उपाध्यक्ष महिला कांग्रेस आशा मनोरमा शर्मा, विमला पांडे, अंशुल त्यागी,निशा शर्मा, सुषमा सहगल, वेदरानी, नीतू बिष्ट, अंजू दिवेदी, मालती प्रजापति, सुनिता ठाकुर, लक्ष्मी मिश्र, मंजू रानी, सपना बाल्मिकी आदि भी मौजूद रहे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रही कांग्रेस नेत्रियों को गिरफ्तार कर लिया।
