शिकंजा: बुर्जुग से बैग लूटकर फरार हुए चार बदमाश गिरफ्तार
नैनीताल। बुजुर्ग से बैग छीनकर उसके एटीएम कार्ड से पॉच हजार रूपये निकालकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले 4 शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से लूटा गया बैग मय माल भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार बीते रोज मोहन सिह रावत पुत्र हयात सिंह रावत, निवासी ग्राम व पोस्ट ऐराडी विष्ट जिला अल्मोड़ा द्वारा कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर बताया गया था कि दो अज्ञात लोगों द्वारा कुन्दन वाली गली में प्रभात इलैक्ट्रानिक के सामने डरा धमकाकर उनका बैग छीन लिया, साथ ही बताया कि रात में उन्होंने उनके एटीएएम से 5 हजार रुपये भी निकाल लिये हैं।
मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस टीमों द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद देर रात एक सूचना के आधार पर उक्त लूट में शामिल चोर लोगों को नगर पालिका सामुदायिक भवन के पीछे बनी पानी की टंकी की चार दीवारी के अन्दर रामनगर से गिरफ्तार कर लिया गया। जिनके पास से लूटा गया बैग मय माल व एटीएएम से निकाले गये 5 हजार रुपये भी बरामद कर लिये गये। पूछताछ में उन्होने अपना नाम मौ. अमानसिद्दीकी पुत्र अशगर हुसैन निवासी ईदगाह रोड खताड़ी, सौरभ लाल पुत्र स्व. राजू लाल, निवासी खताड़ी ,बाल्मिकी बस्ती, फराजखान पुत्र नफीस खान, निवासी मल्ला बेडायाल रामनगर व गौरव भारती पुत्र स्व. मंगल भारती, निवासी मोहल्ला खताड़ी बाल्मिकी बस्ती, रामनगर बताया। बताया कि वह मोहन सिंह रावत का पीछा शराब भटृी के पास से कर रहे थे उन्हें लगा कि बुजुर्ग पहाड़ से खरीदारी करने रामनगर आया है तो उसके बैग में काफी पैसे होंगे। जिस पर गौरव भारती व फराज खान उर्फ गोलू द्वारा मौका देखकर बुजुर्ग से बैग छीन लिया गया। इस दौरान सौरभ और अमान गली में खडे़ होकर आने जाने वालों पर नजर रख रहे थे। बैग लूटने के बाद चारों एम पी इन्टर के मैदान मे पहुंचे और बैग को खोलकर देखा तो बैग के अन्दर से नगद रुपये नहीं निकले केवल सफेद धातु की चार पतली चूडियाँ तथा आधार कार्ड, पैन कार्ड, पहचानपत्र व डाकघर बचत खाते की पासबुक मिली तथा एक एटीएम कार्ड मिला जिसके कवर पर एटीएम का पिन नम्बर भी लिखा हुआ था। जिस पर हमने रात को उक्त एटीएम का इस्तेमाल कर पांच हजार रुपये निकाल लिये थे। पुलिस ने चारों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

