विरोध: सीएम धामी को काले झंडे दिखाने जा रहे थे कांग्रेसी, पुलिस ने लिया हिरासत में
हरिद्वार। सीएम पुष्कर सिंह धामी को काले झंडे दिखाने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। यूथ कांग्रेस अंकिता भंडारी हत्याकांड भर्ती घोटाला और बेरोजगार संघ के युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन करने जा रहे थे। लेकिन प्रशासन द्वारा पहले ही उन्हें रोक लिया गया। कार्यकर्ताओं के नहीं मानने पर पुलिस ने सभी पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया।
सीएम धामी रविवार को हरिद्वार दौरे पर हैं,जहां वह सबसे पहले हरिद्वार के ऋषिकुल आयुर्वेद महाविद्यालय में चल रहे आयुर्वेदिक पशु चिकित्सा सेमिनार में पहुंचे। इसके बाद कनखल के पास गौतम फार्म हाउस में वैश्य परिवार मिलन समारोह में प्रतिभाग करेंगे।
वहीं इस दौरान पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए कांग्रेसी नेता नितिन तेश्वर ने बताया कि उत्तराखंड में युवाओं की ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जहां एक ओर भर्ती घोटाले हो रहे हैं, वहीं इस बार के बजट में युवाओं की ओर ध्यान भी नहीं दिया गया है। ऐसे में उत्तराखंड का युवा जाए तो जाए कहां।
इसी के विरोध में आज यूथ कांग्रेस ने काले झंडे दिखाकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को हकीकत बतानी चाही लेकिन हर बार की तरह प्रशासन को आगे लाकर सरकार अपने आप को बचाने का काम कर रही है।
