आरोप: माकपा ने अंसल ग्रीन, हर्रावाला,पीएसीएल व एन एच 72 में गड़बड़ी के लिए सरकार को ठहराया दोषी
देहरादून। राजपुर रोड पर अंसल वैली अपार्टमेंट, एन एच 72, हर्रावाला में अनुसूचित जाति के परिवार को भूमि से बेदखल करने तथा पीएसीएल भूमि घोटाले के लिए
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने सरकार को सीधेतौर पर दोषी ठहराया है तथा शीध्र ही पीड़ित परिवारों को न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है। पार्टी ने गांधी पार्क के समक्ष पुलिस द्वारा धरना- प्रदर्शनों पर प्रतिबन्ध लगाए जाने की निंदा की है ।
पार्टी की बैठक में हाल के दिनों में बेरोजगारों के साथ बर्बर लाठीचार्ज एवं अंसल ग्रीन वैली में रह रहे परिवार के साथ भाजपाइयों एवं अन्य लोगों द्वारा पुलिस के सामने मारपीट तथा पुलिस द्वारा पीड़ित परिवार के खिलाफ धारा 307 लगाने की कड़े शब्दों में निंदा की है तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग की है। पार्टी ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पार्टी ने हर्रावाला में अनूसूचित जाति के परिवार को बेदखल किए जाने की निंदा की है तथा कहा है कि दो सप्ताह के बाद भी उक्त परिवार खुले आसमान में पड़ा हुआ है किन्तु प्रशासन चुप्पी साधे हुए है। पार्टी ने अनेक मामलों में देहरादून पुलिस की भूमिका की कड़े शब्दों निंदा की है ।
बैठक पार्टी राज्य कार्यालय गांधी ग्राम में सम्पन्न हुई। अध्यक्षता कामरेड कमरूद्दीन ने की। इस अवसर पर राज्य सचिव राजेंद्र सिंह नेगी, जिलासचिव राजेन्द्र पुरोहित, सुरेंद्र सिंह सजवाण , इन्दु नौडियाल ,अनन्त आकाश ,लेखराज ,किशन गुनियाल ,हिमान्शु चौहान ,सुधा देवली ,भगवन्त पयाल ,विनोद कुमार ,इन्देश नौटियाल व रंजन सोलंकी आदि ने विचार व्यक्त किये।

