चालबाज़: रोजगार दिलाने के नाम पर कंपनी ने कर ली लाखों की धोखाधड़ी, पुलिस ने मुकदमा दर्ज़ कर शुरू की जांच
हल्द्वानी। एक कंपनी पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को सौंपी तहरीर में उमा रावत पत्नी अमर सिंह रावत, निवासी बैलपड़ाव व मोहन चन्द्र सती पुत्र स्व. गंगा दत्त सती, निवासी नंदपुर गेबुआ, तहसील कालाढूंगी ने कहा है कि विजन सोशियल सोसायटी व विदत अक्षय निधि के अधिकारियों ने लोगों को रोजगार और स्वरोजगार दिलाने का झांसा देकर उनसे आरडी, एफडी समेत अन्य तरह के खाते खुलवाए गये। इतना ही नहीं कार्यक्रमों के माध्यम से भी लोगों को कंपनी के बारे में जानकारी दी गई। इस तरह कंपनी के अधिकारियों ने लोगों से करीब 25 लाख रुपये पांच वर्ष के अंतराल में जमा करा लिए गए।
जब पांच वर्ष पूरे होने के बाद लोगों ने कंपनी अधिकारियों से पैसे वापस देने के लिए कहा तो वह टालमटोल करने लगे। इस मामले में कंपनी के सीएमडी अरविंद पंत, अध्यक्ष संतोष पंत, महासचिव आनंद सिंह, निवासी हल्द्वानी व एरिया मैनेजर रामनगर गोपाल दत्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

