शिकंजा: वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया, पांच बाइक बरामद

शिकंजा: वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया, पांच बाइक बरामद
Spread the love

रुद्रपुर। गदरपुर पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर चोरी की पांच बाईकें बरामद कीं। एसपी काशीपुर अभय कुमार ने गदरपुर थाने में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम और वाहन चोर गिरोह को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कार्रवाई के तहत सीओ बाजपुर भूपेंद्र सिंह भंडारी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष गदरपुर राजेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस मेहतोष मोड़ पर चैकिंग कर रही थी। चैकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाईक सवार को पुलिस ने हिरासत में लिया। एसपी काशीपुर ने बताया कि जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो वह घबरा गया। चालान मशीन में बाईक का नंबर डाला। बाईक काशीपुर क्षेत्र से चुराई गई थी। पूछताछ में उसने अपना नाम सैफ अली पुत्र अय्यूब निवासी वार्ड 6, इस्लामनगर, थाना गदरपुर बताया। उन्होंने बताया कि उसकी निशानदेही पर चोरी की चार और बाईकें बरामद हुईं।
बरामद बाईकें काशीपुर और गदरपुर क्षेत्र से चुरायी गई हैं।उन्होंने बताया कि गिरोह के सरगना की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार वाहन चोर से पूछताछ की जा रही है। उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।

Parvatanchal