सरोकार: आज शाम को 8 बजे से गांधी पार्क में एक घंटे का ‘ध्यान’ लगाएंगे पूर्व सीएम हरीश रावत, जोशीमठ को बचाने की करेंगे अपील
देहरादून। उत्तराखंड के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत एक बार फिर पहाड़ से जुड़े एक ज्वलंत मुद्दे को लेकर मुखर हुए हैं। मुद्दा है जोशीमठ में हो रहे भू-धंसाव का। हरीश रावत ने लोगों से जोशीमठ को बचाने के लिए एकजुट होने की अपील की है। । इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने आज शाम को देहरादून के गांधी पार्क में 8 बजे से 9 बजे तक मौन (ध्यान) पर बैठने का ऐलान किया है। सोशल मीडिया पर जारी अपनी पोस्ट में हरीश रावत ने लिखा है-
‘जोशीमठ हमारी सभ्यता का केंद्र है, जहां जगतगुरु शंकराचार्य जी ने तपस्या की थी, आज वह देवभूमि हमारी गलतियों और हमारी लापरवाहियों के कारण संकट में है, लोगों के घर धंस रहे हैं, जीवन खतरे में है, कब कहां धंसाव पैदा हो जाए, किसी को कुछ अनुमान नहीं है। एक बहुत बड़ी चुनौतीपूर्ण समस्या जोशीमठ को बचाने की है। हुक्मरां देहरादून में भी और दिल्ली में भी शायद अनहोनी की प्रतीक्षा कर रहे हैं! जहां सारे एक्सपर्ट भेज कर व अध्ययन कर संकट की स्थिति में बचाव के सब उपाय यथा स्थिति किए जाने चाहिए थे, वहां केवल औपचारिकताएं हो रही हैं। जोशीमठ में कुछ भाई-बहन बाहर ठंड में भी अपने सामान्य वस्त्रों के साथ टिन के बरामदों में सो रहे हैं। उनके साथ अपनी भावनात्मक एकात्मकता जाहिर करने के लिए आज दिनांक-5 जनवरी, 2023 को शाम 8 बजे से 9 बजे तक गांधी पार्क देहरादून में 1 घंटा मैं #मौन ध्यान लगाऊंगा। सामान्य वस्त्रों में गांधी पार्क में बैठ कर भगवान से प्रार्थना करूंगा कि देहरादून से दिल्ली तक लोग जोशीमठ बचाओ, हमारे संस्कृति के देवस्थल को बचाओ, इस भावना से जुटेंगे।’
आपका अपना
हरीश रावत

