शिकंजा: अन्तरराज्यीय गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, गुरुद्वारों और मंदिरों में करते थे चोरी की वारदातें

शिकंजा: अन्तरराज्यीय गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, गुरुद्वारों और मंदिरों में करते थे चोरी की वारदातें
Spread the love
डोईवाला। बीते 19 दिसंबर को कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत खैरी स्थित गुरुद्वारे का दानपात्र तोड़कर 10 हजार नकदी, चांदी की छत्र और अन्य सामान लेकर चोर फरार हो गए थे। इसकी शिकायत खैरी निवासी गुरुदेव सिंह पुत्र निरंजन सिंह ने डोईवाला कोतवाली में दर्ज कराई थी। शिकायत पर चोरों को पकड़ने के लिए डोईवाला पुलिस ने टीम गठित की और सीसीटीवी कैमरे की पड़ताल की, जिसमें दो आरोपी चोरी करते हुए दिखाई दिए। 26 दिसंबर को पुलिस ने दो आरोपियों  को लालतप्पड़ गुरुद्वारे के पास से गिरफ्तार किया, जिनके पास से पुलिस को 10 हजार रुपए, चांदी की छत्र और अन्य सामान बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कमलेश उपाध्याय  ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि दोनों आरोपी अंतरराज्यीय चोर गिरोह से जुड़े हैं। मुख्य आरोपी कुलवंत सिंह उर्फ राजू पुत्र बलवंत सिंह, निवासी फतेहगंज गदरपुर (उधमसिंहनगर) पर कई राज्यों में मंदिरों और गुरुद्वारों में चोरी की 17 वारदातों के मामले दर्ज हैं। उनमें पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में चोरी करने और एटीएम तोड़कर कैश लूटने के मामले भी  दर्ज हैं। दूसरा आरोपी अवतार सिंह पुत्र सुरजीत सिंह निवासी मंगल बाजार, नई दिल्ली का रहने वाला है।
पुलिस ने बताया कि कुलवंत सिंह मुख्य आरोपी है, जबकि अवतार सिंह चोर गैंग का नया सदस्य है। कुलवंत सिंह पहले विभिन्न राज्यों में गूगल पर मंदिरों और गुरुद्वारों को सर्च करता था और फिर वहां जाकर रेकी करता था। उसके बाद वह चोरी को अंजाम देता था। पुलिस को दोनों आरोपियों के पास से एक चांदी का छत्र (कीमत 40 हजार रुपए), 10 हजार नकदी, एक पेचकश, एक लोहे की रॉड, एक चाकू, एक मोबाइल और एक साइकिल बरामद हुए हैं। आरोपियों के खिलाफ 445/22 380 आईपीसी में मामला दर्ज किया गया है। मामले का खुलासा करने वाली डोईवाला पुलिस टीम को देहरादून के एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर ने 10 हजार नकद इनाम देने की घोषणा की है।

Parvatanchal