सीनाजोरी: बीएसएफ जवान ने बेटी का अश्लील वीडियो वायरल करने पर की आपत्ति, आरोपी पक्ष ने पीटपीट कर मार डाला  

सीनाजोरी: बीएसएफ जवान ने बेटी का अश्लील वीडियो वायरल करने पर की आपत्ति, आरोपी पक्ष ने पीटपीट कर मार डाला  
Spread the love

 

अहमदाबाद। बीएसएफ के एक जवान की कुछ लोगों द्वारा  पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी। मामला गुजरात के नडियाद जिले का  है, जहां बेटी का अश्लील वीडियो वायरल करने पर विरोध जताने पहुंचे बीएसएफ जवान की आरोपी लड़के के परिवार वालों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक शख्स शनिवार को चकलासी गांव में कथित तौर पर ऑनलाइन वीडियो पोस्ट करने वाले 15 साल के लड़के के घर गया था। लड़के के परिवार वालों ने जवान के ऊपर हमला कर दिया और उसकी पीट-पीटकर हत्या की। इस मामले में दिल्ली महिला आयोग की चेयरपर्सन स्वाति मालीवाल ने भी ट्वीट किया है।
 बताया जा रहा है कि लड़की उसी स्कूल की स्टूडेंट है जहां आरोपी लड़का पढ़ता है। दोनों के बीच प्रेम संबंध की भी बात सामने आ रही है लेकिन लड़के ने लड़की का एक अश्लील वीडियो ऑनलाइन पोस्ट कर दिया था। इसके बाद बीएसएफ जवान अपने परिवार के साथ लड़के के परिजनों से बात करने गया था।
‘यह खबर हमारे गाल पर तमाचा है’

स्वाति मालीवाल ने ट्वीट किया, ‘गुजरात के एक लड़के ने बीएसएफ जवान की बेटी की अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल किया। जवान उस लड़के के घर गया तो लड़के के परिवार ने उसकी हत्या कर दी। ये खबर चर्चा से बाहर है, न्यूज़ में नहीं है। दिन दहाड़े एक सैनिक की हत्या हम सब के गाल पर तमाचा है। गुंडों के हौसले कितने बढ़ गये हैं।’
  पुलिस में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, जवान अपनी पत्नी, दो बेटों और भांजे के साथ लड़के के घर गया था लेकिन बात सुनने के बजाय लड़के के परिवार ने गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने इसका विरोध किया तो जवान पर हमला बोल दिया गया।
 
आरोपी हुए गिरफ्तार
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जवान के ऊपर आरोपी पक्ष के 7 लोगों ने मिलकर लाठी और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक जवान बीएसएफ 56 मेहसाणा में तैनात थे।
जवान और उनके परिवार पर हमला करने वाले सभी आरोपी वारदात के बाद गांव छोड़कर भाग गए थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 307, 323, 504, 143, 147, 149 के तहत मामला दर्ज किया था। सोमवार को सभी 7 आरोपी दूसरे गांव से पकड़े गए। अब मंगलवार को आरोपियों की अदालत में पेशी कर आगे की कार्रवाई करेगी।
(साभार एन बी टी)

Parvatanchal