शिकंजा: लंबे समय से फरार ईनामी बदमाश गिरफ्तार,  ड्राईवर को बंधक बनाकर लूट लिया था करोड़ों का माल

शिकंजा: लंबे समय से फरार ईनामी बदमाश गिरफ्तार,  ड्राईवर को बंधक बनाकर लूट लिया था करोड़ों का माल
Spread the love
हरिद्वार। करोड़ों की डकैती मामले में लंंबे समय से फरार चल रहे एक कुख्यात ईनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के दो साथी पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि दो अन्य फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।
जानकारी के अनुसार, बीते वर्ष 23 अक्टूबर को मनेश कुमार पुत्र शंकर सिंह, निवासी एस-86 शिवालिकनगर, रानीपुर द्वारा थाना बहादराबाद में तहरीर देकर बताया गया था कि अज्ञात बदमाशों द्वारा उनके ड्राईवर को बन्धक बनाकर ट्रक में लदे  लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपए कीमत का माल लूट लिया गया है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। उसके बाद पुलिस ने 28 अक्टूबर 2021 को उक्त डकैती की घटना में शामिल सुनील उर्फ सागर उर्फ सेठी उर्फ रवि पुत्र मोहनलाल, निवासी भादीपुर, 528 जेजे कालोनी, थाना पंजाबी बाग, दिल्ली व शैलेन्द्र चौधरी पुत्र नागेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम पुट्ठा, थाना टीपीनगर, मेरठ को दबोचकर न्यायालय भेज दिया था। आरोपियों द्वारा पुलिस की पूछताछ में बताया गया कि डकैती के उक्त प्रकरण में उनके साथ सोनू पुत्र मूलचन्द, निवासी श्याटा अमृतसर, पंजाब, देवेन्द्र पुत्र नामालूम, निवासी हस्तिनापुर, मवाना (मेरठ) व रणधीर पुत्र डालचन्द, निवासी ग्राम पुट्ठा, थाना टीपीनगर,  मेरठ भी शामिल थे। इस पर पुलिस द्वारा उन सभी फरार बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गयी। पुलिस ने फरार बदमाश रणधीर पुत्र डालचन्द के मकान व संभावित स्थानों पर बार बार दबिश दी, लेकिन वह गिरफ्त में नहीं आया। इस कारण उस पर 25 हजार रुपये का ईनाम घोषित कर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा जनपद के इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किए जाने के कड़े दिशा निर्देशों के तहत इन दिनों जनपद पुलिस लगातार ईनामी बदमाशों की धरपकड़ में जुटी हुई है। इसी क्रम में बीती रात एक सूचना के बाद पुलिस ने रणधीर पुत्र डालचन्द, निवासी टीपीनगर, मेरठ को टोलप्लाजा बहादराबाद से गिरफ्तार कर लिया, जिसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Parvatanchal