दहशत: आदमखोर गुलदार ने घर लौट रहे किशोर को बनाया निवाला, इलाके में फैली दहशत
टिहरी। बालगंगा तहसील के ग्राम पंचायत मयकोट निवासी 12 वर्षीय किशोर को गुलदार ने बीती शाम को मौत के घाट उतार दिया । ग्राम पंचायत मयकोट के अल्दी तोक में निवासरत रणवीर चंद्र का 12 वर्षीय बेटा अरनव चंद बीती शाम अपने दोस्तों के साथ खेलने गया था। शाम 5 बजे के लगभग वह वापस अपने घर लौट रहा था कि रास्ते में गुलदार ने उस पर हमला बोल दिया। अरनव जब शाम 6 बजे तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी ढूंढ शुरू की। रास्ते में खून के धब्बे मिलने पर ग्रामीणों ने जंगल में उसकी तलाश की। रास्ते से 150 मीटर दूर झाड़ियों में रात 2.30 बजे अरनव का शव बरामद हुआ। रेंज अधिकारी प्रदीप चौहान ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पिलखी अस्पताल पहुंचाया गया है। घनसाली में रविवार को सामने आई इस घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत है।

