स्मरण:  पूर्व सीएम हरीश रावत की अगुवाई में कांग्रेस जनों ने पंडित नेहरू को उनकी जयंती पर दी श्रद्धांजलि

स्मरण:  पूर्व सीएम हरीश रावत की अगुवाई में कांग्रेस जनों ने पंडित नेहरू को उनकी जयंती पर दी श्रद्धांजलि
Spread the love

 

नीरज कुमार 

देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय व पुरानी जेल के नेहरू वार्ड में पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री पंडित नेहरू को श्रद्धाजंलि अर्पित की। इस मौके पर  उन्होंने  कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण व समावेशी विकास में उनका अहम योगदान रहा।
रावत ने आज कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आधुनिक भारत के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत  अनेक पापार्टी नेता भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बोलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि पंडित नेहरू ने आजादी की लड़ाई में महात्मा गांधी जी व सरदार पटेल के सानिध्य में लड़कर देश को आजाद कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू बच्चों के भी चाचा नेहरू थे,  इसलिए वे बाल दिवस की भी सभी को बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू भारत की ऐसी जीवंत शख्सियत रहे हैं, जिनके लिए महान कवि रविन्द्र नाथ टैगोर ने कहा था कि पंडित नेहरू एक महान तपस्वी हैं। हरीश रावत ने कहा कि  देश के निर्माण में नेहरू जी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आज के अंतरिक्ष आयोग, परमाणु आयोग, एम्स, ओएनजीसी, रक्षा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संस्थानों को खड़ा करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। देश के सर्वांगीण व सर्वपक्षीय, समावेशी विकास की एक मजबूत बुनियाद उन्होंने रखी थी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने भारत को कई सोपान में खड़ा किया है। पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि आज कुछ ताकतें गांधीवाद, नेहरूवाद और अंबेडकर के विचारों पर हमला कर रहे हैं। वे चाहते हैं कि गांधी, नेहरू व अंबेडकर के विचार देश से समाप्त हो जायें, परन्तु यह उनकी भूल है। वहीं उन्होंने भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद तीरथ सिंह रावत के राज्य  में कमीशनखोरी बढ़ने के बयान  पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि अब तो भाजपा के नेता ही जब भ्रष्टाचार बढ़ने की बात कर रहे हों तो समझा जा सकता है कि आम जनता को क्या भुगतना पड़ रहा होगा। उन्होंन  कहा कि यह चिन्ता का विषय है कि कहीं जनता का इस भ्रष्टाचार के वातावरण से मनोबल न गिर जाये।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पुरानी जेल पहुंचकर पंडित नेहरू को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए श्रद्धाजंलि दी। नेहरू जी को याद करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में पंडित नेहरू का अपूर्व योगदान रहा है।  देश के समावेशी विकास और लोकतंत्र की राह पर मजबूती के साथ खड़ा करने में भी उनकी भूमिका रही है।
पूर्व कांग्रेस प्रदेश गणेश गोदियाल ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माता अगर किसी को कहा जाये तो सच्चे अर्थों में वो पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू जी हैं। आज भारत को विश्वशक्ति, विश्वगुरु के रूप में देखा जाता है तो उसका आधार पंडित नेहरू ही हैं। उन्होंने  आजादी की लड़ाई में संघर्ष करते हुए कई वर्ष अंगजों की जेलों में बिताये। अंग्रेजों से कोई समझौते नहीं किये। उनका केवल एक लक्ष्य रहा भारत की आजादी। और आजादी के बाद उन्होंने  आधुनिक भारत की नींव रखी। बड़े-बड़े प्रतिष्ठानों की नींव रखी।  इस अवसर पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, मंत्री प्रसाद नैथानी, सुरेन्द्र कुमार, गोदावरी थापली, महेन्द्र सिंह नेगी, मनीष नागपाल, राजेश चमोली, सुशील राठी, श्याम सिंह चौहान, गरिमा दसौनी, सुलेमान, मोहन काला, शीशपाल बिष्ट व प्रताप असवाल आदि वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने भी पंडित नेहरू श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

Parvatanchal