आयोजन: उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति क्षत्रिय समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों हेतु आयोजित करेगी ‘परिचय सम्मेलन’ 

आयोजन: उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति क्षत्रिय समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों हेतु आयोजित करेगी ‘परिचय सम्मेलन’ 
Spread the love

 

 

20 नवंबर को स्थापना दिवस  समारोह में प्रतिभा सम्मान व निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी होगा आयोजन 

देहरादून। पिछले 22 वर्षों से सामाजिक सरोकारों और जन कल्याण के लिए कार्यरत सामाजिक संगठन उत्तराखंड  क्षत्रिय कल्याण समिति (पंजीकृत) देहरादून आगामी 20 नवंबर को धूमधाम से अपना स्थापना दिवस मनाने जा रही है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही समारोह में प्रतिभा सम्मान, क्षत्रिय समाज के विवाह योग्य  युवक-युवतियों के लिए निशुल्क परिचय  सम्मेलन तथा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर  कार्यक्रम भी आयोजित किये जाएंगे।
समिति के अध्यक्ष धीरज सिंह नेगी ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध समाजसेवी अनिल सिंह चौहान होंगे जबकि  मोहन सिंह चौहान एवं श्रीमती सविता पंवार  विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विशेष रूप से संगीत सम्राट सुप्रसिद्ध लोक गायक एवं गीतकार नरेंद्र सिंह नेगी व राष्ट्रीय खिलाड़ी कुमारी मानसी नेगी के अलावा कई प्रतिभाओं को प्रतिभा सम्मान से भी अलंकृत किया जाएगा। अध्यक्ष नेगी ने स्पष्ट किया है कि विवाह योग्य युवक-युवतियों के परिचय सम्मेलन में समिति मात्र सेतु के रूप में कार्य करेगी। उन्होंने सभी सदस्यों एवं परिचितों से अनुरोध किया है कि युवक युवती परिचय सम्मेलन की जानकारी क्षत्रिय समाज के  सभी परिचितों, रिश्तेदारों, भाई- बहनों व क्षत्रिय दोस्तों के साथ अधिक से अधिक शेयर करें, ताकि अधिक से अधिक लोग  इसका लाभ उठा सकें।
अध्यक्ष  नेगी के अनुसार, परिचय सम्मेलन में भाग  लेने वाले युवक-युवतियों का पंजीकरण जरूरी है। इच्छुक युवक-युवती या उनके माता पिता या संरक्षक,  अपने  अपने वार्ड या आश्रित/  आश्रितों के बायोडाटा निर्धारित फार्म में समिति के अधिकृत पदाधिकारियों को मौके पर भी प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में प्रेषित सभी बायोडाटा निरस्त समझे जाएंगे और सभी को नए सिरे से Biodata  निर्धारित प्रपत्र  में प्रस्तुत करना जरूरी है।  अध्यक्ष नेगी का कहना है कि परिचय सम्मेलन निशुल्क एवं सामाजिक गतिविधियों को  प्रोत्साहित करने के लिए किया जा रहा  है। उन्होंने बताया कि बायोडाटा में संपर्क नम्बर दिया जाना जरूरी है। बायोडाटा समिति के पते पर कोरियर, डाक, संदेशवाहक के माध्यम से उक्त तिथि से पूर्व  भी भेजे जा सकते हैं। सभी अभिभावकों या इच्छुक युवक-युवतियों को  निर्धारित फार्म भरना जरूरी है ।   फार्म समिति के कार्यालय से निशुल्क प्राप्त किया जा सकता है। सभी आवेदकों को अपने साथ अपनी पहचान के लिए, वोटर आईडी या आधार कार्ड आदि दस्तावेज साथ लाना आवश्यक है । आवेदन या बायोडाटा को स्वीकार करने या न करने के मामले में समिति का निर्णय अंतिम होगा । अध्यक्ष धीरज सिंह ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार के पत्राचार के लिए समिति बाध्य नहीं हैं। युवक-युवती अपनी इच्छा अनुसार परिचय प्राप्त करने के लिए व निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र हैं तथा इसमें समिति का   किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं रहेगा। डाक व कोरियर द्वारा भी फार्म एवं बायोडाटा इस पते पर भेजे जा सकते हैं-

उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति
द्वारा –आशियाना बेकरी, 309 शास्त्री नगर, हरिद्वार रोड, देहरादून-248014

अध्यक्ष नेगी के अनुसार,  कार्यक्रम स्थल पर
पानी पर भोजन की व्यवस्था की गयी है।

Parvatanchal