कार्रवाई: भूमि अधिग्रहण से जुड़ी आपत्तियों को लेकर शिविर का आयोजन, 15 में से 8 आपत्तियों का मौके पर निस्तारण
देहरादून। बल्लूपुर प्रेम नगर पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग भूमि अधिग्रहण प्रकरण में सक्षम प्राधिकारी एवं विशेष भूमि अर्जन अधिकारी देहरादून की अध्यक्षता में ग्राम कल्याणपुर हसनपुर, तहसील- विकासनगर में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भूमि अधिग्रहण में प्रतिकर प्राप्त करने एवं वितरण करने के संबंध में प्रभावित काश्तकारों एवं हितधारक व्यक्तियों द्वारा की गई आपत्तियों के निस्तारण की कार्रवाई की गई। शिविर में कुल 15 आपत्तियां प्राप्त हुईं जिनमें से 8 आपत्तियों का मौके पर अभिलेखों के सत्यापन एवं स्थल निरीक्षण के उपरांत निस्तारण किया गया । शेष आपत्तियों में प्रभावित काश्तकारों के मध्य विवाद होने या प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण निस्तारण नहीं हो पाया।
शिविर में नायब तहसीलदार कार्यालय विशेष भूमि अर्जन अधिकारी देहरादून दिनेश प्रकाश डोभाल, पीएस डबोला तहसीलदार कंसलटेंट एजेंसी एनएचएआई , सतीश कुमार सर्वेयर कंसलटेंट एजेंसी एनएचएआई, कमल चंद रमोला प्रधान सहायक कार्यालय विशेष भूमि अर्जन अधिकारी तथा शराफत अली ग्राम प्रधान ग्राम सभा कल्याणपुर हसनपुर एवं संबंधित भूमिधर , आपत्तिकर्ता तथा ग्रामीण उपस्थित हुए।

