बेखौफ: मातम में बदल गईं दीपावली की खुशियां, कहासुनी के बाद हुई गोलीबारी में हो गई एक शख्स की मौत
रुद्रपुर। यहां के एक अभागे परिवार के लिए
रोशनी के त्यौहार दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब उसका एक सदस्य असमय मौत का शिकार बन गया। दरअसल रुद्रपुर की सिडकुल पुलिस चौकी के तहत मेट्रोपोलिस कालोनी में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद हुई गोलीबारी में एक शख्सस की मौत हो गई। इस दौरान गोलियों की तड़तड़ाहट से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। गोलीबारी की इस वारदात से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आनन- फानन हरकत में आई पुलिस हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय हो गई। फिलहाल पुलिस के हाथ खाली हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात सिडकुल की मेट्रोपोलिस कालोनी में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद गोलीबारी हो गई। गोलियां की तड़तड़ाहट की आवाज से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। सूचना पर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। तब तक हमलावर भागने में सफल हो गए। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रैफर कर दिया लेकिन वहां से भी उसे बरेली रैफर कर दिया गया। इस बीच घायल ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। सीओ पंतनगर तपेश कुमार चंद का कहना है कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। दोनों पक्ष यूपी के थाना बिलासपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सीओ के मुताबिक मरने वाले का नाम दलजीत सिंह है।

