एक्शन: विधानसभा में अब तक हुई सभी भर्तियों की जांच करेगी एक्सपर्ट कमेटी, एक महीने में देगी जांच रिपोर्ट

एक्शन: विधानसभा में अब तक हुई सभी भर्तियों की जांच करेगी एक्सपर्ट कमेटी, एक महीने में देगी जांच रिपोर्ट
Spread the love

सचिव मुकेश सिंघल का ऑफिस सील

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा बैक डोर भर्ती मामले को लेकर मचे घमासान के बीच  विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने  विधानसभा भर्तियों में हुई गड़बड़ियों की जांच के लिए  एक्सपर्ट कमेटी गठित की है। कमेटी एक माह के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट स्पीकर के समक्ष पेश करेगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। इसके साथ ही विधानसभा सचिव को एक महीने के अवकाश पर भेज दिया गया है। सचिव मुकेश सिंघल का ऑफिस विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी की मौजूदगी में सील कर दिया गया है। इस एक्सपर्ट कमेटी में दिलीप कुमार कोठिया को अध्यक्ष, सुरेंद्र सिंह रावत को सदस्य और अविनेंद्र सिंह नयाल को सदस्य बनाया गया है।

इसके साथ ही विधानसभा अध्यक्ष ने जांच के दौरान वर्तमान विधानसभा सचिव मुकेश सिंघल को अग्रिम आदेश तक छुट्टी पर भेज दिया है। इसके साथ ही उन्हें जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। यह जांच दो चरणों में की जाएगी। साल 2000 से 2011 तक और 2012 से 2022 तक दोनों ही कार्यकालों में हुई भर्तियों की जांच की जाएगी। पहले साल 2012 से अब तक विधानसभा में हुई भर्तियों की जांच होगी। इसके बाद राज्य गठन के बाद से होने वाली भर्तियों की जांच होगी। विधानसभा सचिवालय में हुई बैक डोर नियुक्तियों को लेकर चल रहे विवाद पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी को पत्र लिखकर जांच कराने का आग्रह किया था। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष आज ही विदेश दौरे के बाद सीधे देहरादून पहुंची और प्रेस वार्ता को संबोधित किया। खंडूरी ने कहा कि उत्तराखंड विधानसभा की गरिमा को बचाये रखना उनका कर्तव्य है।

Parvatanchal