माकपा: विभिन्न जन समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी से मिला प्रतिनिधिमंडल
राज्यपाल को ज्ञापन भेज कर उठाई भर्ती घोटाले की सीबीआई जांच की मांग
देहरादून। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज जिलाधिकारी सोनिका सिंह से भेंटकर उन्हें विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन दिया। पार्टी ने भर्ती घोटाले की सीबीआई जांच को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया।
पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने जनपद में धान की फसलों पर कीड़ा लगने के कारण किसानों को समुचित मुआवजा देने की मांग की । माकपा ने जिलाधिकारी से शिवालिक रेंज कारबारी क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्य कराये जाने, जनपद के आपदा पीड़ितों को समुचित मुआवजा दिये जाने, विस्थापित लोगों का समुचित विस्थापन करने के साथ ही पीड़ितों को समुचित मुआवजा दिये जाने की मांग की। इसके अलावा रामप्यारी इंटर कालेज खुड़बुड़ा से निकाली गयी भोजनमाताओं की सेवा बहाली, वाणी विहार में पेयजल व्यवस्था ठीक किये जाने, चन्द्रशेखर आजाद कालोनी सत्तोवाली में बाढ़ सुरक्षा कार्य किये जाने, सभावाला की खतौनी को अपडेट करने आदि मांगें भी जिलाधिकारी के सम्मुख रखी गईं।

पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को स्मार्ट सिटी के अधूरे कार्य को पूरा किये जाने, डी एल रोड को दुरुस्त किये जाने, मलिन बस्तियों का नियमतीकरण कर वहाँ बसे लोगों को मालिकाना हक दिए जाने, मलिन बस्तियों में नागरिक सुविधाओं की बहाली किये जाने, बरसात को देखते हुए देहरादून में साफ सफाई एवं मच्छरों से सुरक्षा हेतु व्यापक फौगिंग कराए जाने, घंटाघर स्थित इन्दिरा मार्केट रि डैवलपमैंट में शीघ्रातिशीघ्र कार्य शुरू किये जाने जैसे प्रमुख मुद्दों से भी अवगत कराया।
उक्त मुद्दों पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी, अतिरिक्त जिलाधिकारी (वित्त), एम डी डी ए सचिव, अधिशासी अभियंता जल संस्थान, सिंचाई तथा नगर निगम को आवश्यक दिशा निर्देश दिये ।
प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के नेता सुरेंद्र सिंह सजवाण, इन्दु नौडियाल, पूर्व जिलापंचायत अध्यक्ष शिवप्रसाद देवली, जिला सचिव राजेंद्र पुरोहित, देहरादून सचिव अनन्त आकाश, पछवादून सचिव कमरूद्दीन, सीटू महामंत्री लेखराज, उपाध्यक्ष भगवन्त पयाल, कोषाध्यक्ष रविन्द्र नौडियाल, महिला समिति अध्यक्ष नुरैशा अंसारी, उपाध्यक्ष बिन्दा मिश्रा व सुरेश आदि शामिल थे ।

