आयोजन: जनवादी महिला समिति का 2 दिवसीय राज्य सम्मेलन संपन्न, महिलाओं के हक में संघर्ष जारी रखने का लिया गया संकल्प 

आयोजन: जनवादी महिला समिति का 2 दिवसीय राज्य सम्मेलन संपन्न, महिलाओं के हक में संघर्ष जारी रखने का लिया गया संकल्प 
Spread the love
15 सदस्यीय राज्य कमेटी की सुनीता पाण्डेय बनीं अध्यक्ष व दमयंती नेगी महासचिव  
देहरादून। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति का 7 वां राज्य सम्मेलन पार्क रोड स्थित कलावती धर्मशाला में 15 सदस्यीय राज्य कमेटी के चुनाव के साथ सम्पन्न हुआ ।सम्मेलन में अध्यक्ष सुनीता पाण्डेय, महामंत्री दमयंती नेगी, कोषाध्यक्ष चन्दा ममगाई, उपाध्यक्ष इन्दु नौडियाल व सहसचिव नुरैशा अंसारी चुनी गयी। केरल के त्रिवेन्द्रम में अगले साल होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए 10 प्रतिनिधि चुने गये। सम्मेलन के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष साथी मरियम बुटवाला ने प्रतिनिधि सत्र का उद्घाटन किया तथा राज्यभर से आयी समिति के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि महिलाओं के मुद्दों पर प्रभावी हस्तक्षेप करेंगी। सम्मेलन में केन्द्रीय पर्यवेक्षक तथा राज्य प्रभारी संध्या शैली उपस्थित रहीं।
सम्मेलन में राज्य महामन्त्री दमयंती नेगी ने गत सम्मेलन के बाद की सांगठनिक, राजनैतिक तथा कार्य रिपोर्ट पेश की, जिसपर राज्यभर से आयी प्रतिनिधियों ने चर्चा की।सम्मेलन बढ़ती महिला हिंसा, बेरोजगारी, मंहगाई, भ्रष्टाचार तथा महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर गहरी चिंता व्यक्त की गयी। हेलंग (चमोली) में सुरक्षाकर्मियों द्वारा महिलाओं के साथ की गई अभद्रता पर गहरी चिन्ता व्यक्त करते हुए सरकार एवं प्रशासन की भूमिका की निन्दा की गई। सम्मेलन में राज्यभर के आपदा पीड़ितों की समस्याओं पर गहरी चिन्ता व्यक्त करते हुए सरकार से अविलम्ब पीड़ितों को समुचित सहायता देने की भी मांग की गई। इसके साथ ही राज्यभर में बढ़ती जा रही नशाखोरी की घटनाओं पर अविलम्ब अंकुश लगाने की मांग भी समिति द्वारा की गई ।
सम्मेलन में भाजपा सरकार द्वारा विलिकिस बानो केस के दोषियों को आरोप मुक्त किये जाने तथा आरोपियों का भाजपाइयों द्वारा सार्वजनिक अभिनन्दन करने जैसी हरकत को निन्दनीय एवं इंसानियत को शर्मसार करने वाला कृत्य बताया गया।
 राज्य में लचर स्वास्थ्य व्यवस्था पर गहरी चिन्ता व्यक्त करते हुए सरकार से अविलम्ब स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने की  मांग भी सम्मेलन में उठाई गई। बेतहाशा बढ़ती महंगाई, रसोई गैस व पेट्रोलियम मूल्यवृद्धि के साथ ही दैनिक इस्तेमाल की वस्तुओं की कीमतों में की गई बढ़ोत्तरी को वापस लेने की मांग तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत किये जाने जैसे मुद्दों को लेकर महिला समिति ने आन्दोलन तेज करने का ऐलान किया। सम्मेलन का समापन राज्याध्यक्ष सुनीता पाण्डेय ने किया। सम्मेलन को सीआईटीयू, किसान सभा व एस एफ आई प्रतिनिधिनियों ने शुभकामनाएं दीं ।

Parvatanchal