शिकंजा: आखिर पकड़ा ही गया महिला से अश्लील गाली-गलौज करने वाला भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी
नोएडा। तकरीबन चार दिन पहले यहां की एक आवासीय कॉलोनी ओमेक्स सोसाइटी में महिला को अश्लील गालियां देने व धक्का-मुक्की करने का आरोपी कथित भाजपाई नेता श्रीकांत त्यागी चार दिनों की लुका-छिपी के बाद आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। नोएडा पुलिस ने उसे मेरठ से गिरफ्तार करने में कामयाबी पा ली है। गौरतलब है कि सोसायटी की जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश का विरोध करने वाली महिला से दुर्व्यवहार करने का वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आए आरोपी श्रीकांत त्यागी 4 दिनों से फरार चल रहा था। इस बीच उसने अपनी अग्रिम जमानत के लिए अदालत में याचिका डाली थी लेकिन अदालत ने 10 अगस्त से पहले याचिका स्वीकार करने से इंकार कर दिया। उधर पुलिस ने फरार श्रीकांत त्यागी पर ₹25000 का इनाम घोषित कर दिया था। तभी से वह अपने ठिकाने बदल बदल कर भूमिगत हो गया था। सीएम योगी के संज्ञान में मामला आते ही
नोएडा पुलिस पर श्रीकांत त्यागी को गिरफ्तार करने का दबाव लगातार बढ़ने लगा था। काफी भागदौड़ के बाद आज आखिरकार मेरठ के गांधीबाग से श्रीकांत त्यागी को उसके तीन साथियों के साथ नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया ।

