अभियान: रुद्रप्रयाग से शुरू होगी कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो- तिरंगा रैली’, प्रदेश अध्यक्ष करन महरा करेंगे शुभारंभ
रुद्रप्रयाग। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने ‘भारत जोड़ो- तिरंगा रैली’ के शुभारम्भ की पूर्व संध्या पर रुद्रप्रयाग में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया ।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 9 अगस्त को रुद्रप्रयाग से ‘‘भारत जोड़ो -तिरंगा यात्रा’’ का शुभारम्भ करने देर शाम रुद्रप्रयाग पंहुचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। महरा ने कहा कि , ‘ 9 अगस्त 1942 के दिन को दुनिया के इतिहास में अगस्त क्रांति दिवस के रूप में जाना जाता है। इस दिन ही 80 साल पहले गांधी के आह्वान पर भारत छोड़ो आंदोलन आरम्भ हुआ था। कांग्रेसजन और देश की जनता तब ‘‘करो या मरो ’’ के नारे के साथ स्वतंत्रता आंदोलन में हाथ में तिरंगा और सर पर कफन बांध कर आंदोलन में कूदे थे । उसी आंदोलन की याद में अगस्त क्रांति दिवस के दिन याने 9 अगस्त से स्वतंत्रता के 75 वें साल में कांग्रेस के सिपाही देश भर में भारत जोड़ो तिरंगा यात्राएं आयोजित कर रहे हैं। देश भर में ये यात्राएं 9 अगस्त से 15 अगस्त तक चलेंगी। हर जिले में कम से कम 75 किलोमीटर की यात्राएं कांग्रेसजन करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक विचारधारा से उपजी पार्टी और उनकी सरकार के निर्णयों से देश की अखंडता , भाईचारा और न्यायालय सहित सभी संवैधानिक संस्थाएं संकट में हैं इसलिए कांग्रेसजनों की ऐसे समय में जिम्मेदारियां और बढ़ जाती हैं। ये विचारधारा स्वतंत्रता संग्राम में ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ और ‘तिरंगे झंडे’ का विरोध कर रही थी। आज जब देश मंहगाई और बेरोजगारी से परेशान है और जनता विरोध में सड़कों पर न उतरे, इसलिए आजादी के समय झंडे का विरोध करने वाले ये लोग ‘‘ हर घर तिरंगा ’’ अभियान चला कर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि वे अपनी असफलताओं को छुपाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि आखिर आजादी के 75 वें साल में इस विचारधारा को समझ में आ गया कि इस देश में गांधी की विचारधारा और तिरंगे की परम्परा ही चल सकती है। इसलिए सरकार देशव्यापी मंहगाई और बेरोजगारी के समय तिरंगे की शरण में आने को मजबूर हुई है।
करण माहरा ने कहा कि रुद्रनाथ, बाबा केदारनाथ जी की धरती और अलकनंदा व मंदाकिनी के संगम से व स्वामी सचिदानंद जी की कर्मस्थली से इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए उन्हें बह खुशी होगी।
उन्होने कहा कि देश की मौजूदा परिस्थितियों को देखकर हर कांग्रेसजन को लंबे संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा। महरा का आरोप था कि देश में अघोषित आपातकाल लागू है। न्यायालय सहित सभी संवैधानिक संस्थाओं की आजादी खतरे में है, इसलिए कांग्रेसजनों को एक बार फिर देश की आजादी और सवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता , मंहगाई व बेरोजगारी के विरुद्ध संघर्ष कर जेल की यातनाओं तक को सहन करने के लिए तैयार रहना होगा।
गौरतलब है कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा 9 अगस्त 2022 को रुद्रप्रयाग जिले से भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा का शुभारम्भ कर तिलनी , सुमेरपुर, रतूड़ा , नगरासू होते हुए गौचर जाऐंगे, जहां चमोली और रुद्रप्रयाग जिले के कांग्रेसजनों और जनता की एक संयुक्त सभा को संबोधित करने के बाद तिरंगा यात्रा में भाग लेने हेतु बागेश्वर को प्रस्थान करेंगे।
कार्यकर्ताओं की बैठक में जिला अध्यक्ष ईश्वर सिंह बिष्ट , पूर्व राज्य मंत्री व तिरंगा यात्रा के रुद्रप्रयाग जिले हेतु सह समन्वयक धीरेन्द्र प्रताप , पूर्व विधायक मनोज रावत , प्रमुख जखोली प्रदीप थपलियाल , नगर पंचायत अध्यक्ष गीता झिंक्वाण, पूर्व राज्य मंत्री देवेन्द्र सिंह झिंक्वाण , पूरन सिंह रावत , अनु. जाति प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दर्शन लाल , विजय चमोला व सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्ष उपस्थित थे।