गनीमत: यहां एक बड़ा हादसा होते होते टला, नाले में पलट गई चलती बस, सात यात्री घायल
हरिद्वार। गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते होते बच गया। यात्रियों से भरी एक बस सड़क के तेज मोड़ पर अनियंत्रित होकर नाले में पलट गई। नाला छोटा था इसलिए कोई गंभीर हादसा होने से बच गया।
जानकारी के मुताबिक, चीला होते हुए ऋषिकेश जा रही एक बस चंडीघाट से कुछ दूर स्थित काली मंदिर से थोड़ा आगे पहुंचते ही अनियंत्रित होकर एक नाले में पलट गई। इस हादसे में कई लोगों को चोटें आईं। पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि बस टनकपुर से आ रही थी। दरअसल, कांवड़ यात्रा के चलते ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को चीला मार्ग पर डायवर्ट किया गया है। गुरुवार सुबह यात्रियों को लेकर उत्तराखंड रोडवेज की एक बस चंडीघाट पुल से होती हुई चीला मार्ग पर निकली, इस बीच काली मंदिर से थोड़ा आगे मोड़ पर सामने से आती एक कार को बचाने के चक्कर में बस चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे बस नाले में पलट गई। बस के पलटते ही वहां चीख-पुकार मच गई। गनीमत यह रही कि बस खाई में नहीं गिरी, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। फिर भी हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहां पर उनका उपचार चल रहा है। बस चालक अयूब ने बताया कि बस में 30 लोग सवार थे, जिनमें से 7 लोग घायल हो गए। चालक के अनुसार, यह हादसा कार को बचाने के चक्कर में हो गया।

