बुरी खबर: उफनती नदी के रपटे में बह गई कार, नौ पर्यटकों की दर्दनाक मौत 

बुरी खबर: उफनती नदी के रपटे में बह गई कार, नौ पर्यटकों की दर्दनाक मौत 
Spread the love

 

रामनगर। यहां शुक्रवार का दिन नौ अभागे पर्यटकों के लिए असामयिक मौत का फरमान लेकर आया। सुबह का सूरज ठीक से निकला भी न था कि गंतव्य के लिए निकले इन 9 लोगों की कुछ ही दूर पहुंचने पर एक दुर्घटना में जान चली गई। हालांकि एक महिला को स्थानीय लोगों ने सकुशल बचा लिया। जानकारी के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब एक कार ढेला रौखड़ (बरसाती नदी) के रपटे पर पानी के तेज बहाव में बह गयी। हादसे की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अरुण कुमार सैनी  पुलिस टीम को लेकर मौके पर पहुंचे लेकिन उफनते रौखड़ के तेज बहाव के चलते रेस्क्यू करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा । बताया जाता है कि पर्वतीय क्षेत्र में हो रही लगातार बरसात के चलते पर्यटकों की गाड़ी सुबह तड़के करीब 5:30 बजे जैसे ही ढेला रपटे से गुजरी तो अर्टिगा कार नम्बर PB01C 6089 ढेला रौखड़ के रपटे में  पानी के तेज बहाब में बह कर सड़क के नीचे रौखड़ में जाकर फंस गई। पानी का बहाव इतना तेज था कि काफी देर तक राहत एवं बचाव कार्य नहीं शुरू हो सका।

सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाने का निर्देश दिया।  उसके बाद पुलिस प्रशासन एवं एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरीके से कार तक पहुंच कर राहत बचाव कार्य शुरू किया।  रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कार में फंसी हुई श्रीमति नाजिया पत्नी शाने आलम, निवासी कार्बेट कालोनी, रामनगर  (20 वर्ष) हाल निवासी परिनगर , काशीपुर जिला उधम सिंह नगर को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 6 महिलाओं व 3 पुरुषों के शव गाड़ी के अन्दर से गाड़ी के शीशे व दरवाजे आदि काटकर बाहर निकाले गये । उनकी पहचान पवन जैकब पुत्र सुरजीत जैकब, निवासी भीमनगर  सफावादी गेट, झुगिया पटियाला, पंजाब, संगीता तमांग उर्फ माही पुत्री नारायण तमांग निवासी कल्लू मोहल्ला गढ़ी,  ईस्ट आफ कैलास नई दिल्ली, कविता पत्नी भूपेन्द्र सिंह निवासी गुरु अंगदेव कालोनी राजपुरा, पटियाला पंजाब, पिंकी कुमारी उर्फ सकीना पत्नी देवेन्द्र साहनी, निवासी  502 बी आमैक्श फारेस्ट स्पा, सैक्टर 93बी, नोएडा उप्र, अमनदीप सिंह पुत्र मनोहर सिंह निवासी चालान पट्टी भवानीगढ़ संगरुर पंजाब,जानवी उर्फ सपना C/0 बलविन्दर सिंह निवासी इन्द्रपुरा पटियाल पंजाब,हीना निवासी अमनमाला एन जी ओ रिसर्च फाउन्डेशन सुभाषबिहार भजनपुरा , दिल्ली , आशिया पुत्री मौ उमर निवासी कार्बेट कालोनी रामनगर, इकबाल निवासी पटियाला उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को वाहन से निकालकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में पंचायतनामा की कार्यवाही करने की बाद  मोर्चरी में रखवा दिया।
पुलिस के मुताबिक, उक्त सभी लोग कार्बेट स्माल टाउन होम स्टे एण्ड रेस्टोरेन्ट ढेला में रुके हुए थे तथा प्रातः समय लगभग 05.00 बजे होम स्टे से चैक आउट कर निकले थे । लेकिन कुछ दूर चलने के बाद ही यह भीषण हादसा हो गया जिसमें 9 लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान हरबंस सिंह, एसपी सिटी हल्द्वानी, बलजीत सिंह भाकुनी, सीओ रामनगर के साथ एसडीआरएफ की टीम तथा स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Parvatanchal