गिरफ्त: मिठाई कारोबारी से रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार

गिरफ्त: मिठाई कारोबारी से रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार
Spread the love

हरिद्वार। मिठाई कारोबारी से बीस लाख की रंगदारी मांगने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद कर लिया। आरोपी कुछ माह पूर्व मिठाई कारोबारी प्रणव गोयल के यहां कैशियर का काम करता था। उसका दूसरा साथी फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नन्दपुरी निवासी प्रणव गोयल की यहां आर्यनगर चौक पर गोयल स्वीट शॉप के नाम से दुकान है। प्रणव गोयल ने ज्वालापुर कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि उसके मोबाइल पर एक मैसेज आया है जिसमें उससे बीस लाख रुपये की रंगदारी मांगी गयी है। उसने बताया कि मैसेज में साफ शब्दों मे धमकी दी गयी है कि अगर बीस लाख रुपये नहीं दिये तो अंजाम भुगतना पड़गा  तथा रुपये कहां लाने हैं, वह उसको बता दिया जायेगा। पुलिस ने मामले को गम्भीरता से लेते हुए प्रणव गोयल की सुरक्षा बढ़ा दी तथा रेलवे चौकी प्रभारी प्रवीण रावत को मामले की जांच सौप दी। रावत ने मोबाइल नम्बर की जानकारी प्राप्त की तो पता चला कि मोबाइल अम्बेडकर नगर ज्वालापुर निवासी दीपक कुमार पुत्र अशोक के नाम पर था। सोमवार को पुलिस ने दीपक कुमार को रविदास चौक स्थित पेट्रोल पम्प के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह कुछ माह पहले तक प्रणव गोयल के यहां कैशियर के पद पर कार्यरत था। कुछ माह पूर्व उसकी किसी बात को लेकर प्रणव गोयल से बहस हो गयी तो प्रणव गोयल ने उसको नौकरी से निकाल दिया। उसके बाद उसने कनखल में एक रेस्टोरेंट खोला था। रेस्टोरेंट खोलने के बाद उसपर काफी कर्ज हो गया था, जिससे वह परेशान था। दीपक ने पुलिस को बताया कि कर्जा होने के कारण उसने प्लानिंग बनायी कि प्रणव गोयल के पास काफी पैसा है उससे रंगदारी मांगी जाये, जिसके बाद उसने प्लान बनाकर प्रणव गोयल से बीस लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। उसने कांगड़ी श्यामपुर में मोबाइल की दुकान चलाने वाले मोहित कश्यप पुत्र राजवीर कश्यप की दुकान से एक मजदूर के नाम से सिम खरीदा था। दोनों ने मिलीभगत करके इस घटना कोे अंजाम देने की योजना बनायी थी। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसके साथी मोहित की तलाश शुरू कर दी है।

Parvatanchal