शिकंजा: चोरी के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। सहसपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत खुशालपुर बरोटीवाला मार्ग पर एक व्यापारी के गोदाम में चोरी के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर दिया है। आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। चोरी के इस मामले में मुख्य आरोपी पहले ही जेल जा चुका है।
19 मई को रविकांत सिंघल पुत्र अमरनाथ सिंघल निवासी कनक विहार बायाखाला सेलाकुई ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि खुशहालपुर से बरोटीवाले के मध्य स्थित गोदाम का ताला तोड़कर वहां से लाखों रुपये का सामान चोरी हो गया था। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को पहले ही जेल भेज दिया था। लेकिन मुख्य आरोपी अमित कुमार द्वारा बताये गये चोरी में शामिल दो आरोपी फरार चल रहे थे। सोमवार देर रात को पुलिस वांछित चल रहे दोनों आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी कर गिरफ्तार कर दिया है। थानाध्यक्ष विनोद सिंह राणा ने बताया कि गिरफ्तार किये गये दोनों वांछित आरोपी अभिषेक कुमार उर्फ गगन पुत्र देवेंद्र सिंह निवासी नई बस्ती भोजिया थाना शिकोहाबाद फिरोजाबाद यूपी हाल पता पवन पुरवाई नियर पांच नंबर गुरुद्वारा थाना ख्याला दिल्ली और नरेश कुमार पुत्र वृद्धा राम निवासी बी- 623/121 अंबिका एनक्लेव निहाल विहार नागलोई थाना निहाल विहार दिल्ली को कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस की टीम में एसआई राकेश कुमार, कांस्टेबल दीपक चौहान व नवीन रोहिला शामिल रहे।

