अंकिता भंडारी हत्याकांडः आज़ होगा पूर्व विधायक सुरेश राठौर का नार्को टेस्ट, गांधीनगर रवाना हुए राठौर

अंकिता भंडारी हत्याकांडः आज़ होगा पूर्व विधायक सुरेश राठौर का नार्को टेस्ट, गांधीनगर रवाना हुए राठौर
Spread the love

 

सीबीआई जांच में अहम कड़ी साबित हो सकती है पूछताछ और नार्को टेस्ट की प्रक्रिया

कथित ऑडियो प्रकरण के बाद जांच ने पकड़ी तेजी

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच के बीच पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर के नार्को टेस्ट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। राठौर 24 नवंबर को प्रस्तावित नार्को टेस्ट की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए गुजरात के गांधीनगर रवाना हो गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अंकिता को न्याय दिलाने और मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए वह केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को पूरा सहयोग करेंगे।
गांधीनगर रवाना होने से पहले सुरेश राठौर ने बयान जारी कर बताया कि उन्हें सीबीआई की ओर से नोटिस मिल चुका है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी के सामने अपना पक्ष रखने और निर्धारित प्रक्रिया में शामिल होने को लेकर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। वह जांच में हर संभव सहयोग करने के लिए तैयार हैं। दरअसल, अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कुछ कथित ऑडियो सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया था। इन ऑडियो को लेकर दावा किया गया था कि इनमें सुरेश राठौर और उनकी कथित पत्नी एवं अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच बातचीत हुई है। बातचीत में अंकिता प्रकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं का जिक्र होने की बात कही गई थी। सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल होने के बाद प्रदेश की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई थी। इस प्रकरण को लेकर हरिद्वार और देहरादून में शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। इसके बाद सीबीआई ने मामले से जुड़े लोगों सेपूछताछ शुरू की। इससे पहले जांच एजेंसी की टीम हरिद्वार पहुंचकर सुरेश राठौर से पूछताछ कर चुकी है। वहीं, उर्मिला सनावर ने भी देहरादून में सीबीआई के समक्ष अपने बयान दर्ज कराए थे। गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में लगातार उठ रहे सवालों और न्याय की मांग के बीच उत्तराखंड सरकार ने मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। अब जांच एजेंसी कथित ऑडियो और उनसे जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। ऐसे में 24 नवंबर को गांधीनगर में प्रस्तावित सुरेश राठौर के नार्को टेस्ट की प्रक्रिया पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों से मामले से जुड़े कई सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, किसी भी दावे की पुष्टि जांच के निष्कर्षों के बाद ही हो सकेगी।

Parvatanchal