निगरानी: अब टोल प्लाजा पर पकड़ी जाएगी बिना बीमा वाली गाड़ी, मोबाइल पर तुरंत आएगा अलर्ट; 10 हजार रुपये तक जुर्माना
नई दिल्ली (आरएनएस)। अगर आप अपनी कार या किसी अन्य वाहन का थर्ड-पार्टी बीमा रिन्यू कराना भूल गए हैं, तो अब सावधान हो जाइए। नेशनल हाईवे पर बिना वैध बीमा के वाहन चलाना आपको महंगा पड़ सकता है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने टोल प्लाजा पर ही वाहनों के बीमा की जांच करने के लिए नई तकनीक आधारित व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत बिना वैध बीमा वाले वाहन की पहचान होते ही वाहन मालिक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर अलर्ट मैसेज भेजा जाएगा। साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माने की चेतावनी भी दी जाएगी।
प्राधिकरण ने फिलहाल इस व्यवस्था का परीक्षण दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा पर शुरू किया है। अधिकारियों के मुताबिक, ट्रायल सफल रहने और तकनीकी व्यवस्था पूरी तरह स्थिर होने के बाद इसे देश के अन्य नेशनल हाईवे और टोल प्लाजा पर भी लागू करने की योजना है। इससे बिना बीमा के सड़कों पर दौड़ने वाले वाहनों की पहचान करना आसान हो जाएगा।
यह पूरी प्रक्रिया ऑटोमैटिक होगी और इसमें किसी कर्मचारी के हस्तक्षेप की जरूरत नहीं पड़ेगी। जैसे ही कोई वाहन टोल प्लाजा से गुजरेगा, वहां लगे कैमरे उसकी नंबर प्लेट को स्कैन कर लेंगे। इसके बाद वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वाहन पोर्टल के डेटाबेस से मिलाया जाएगा।
सिस्टम कुछ ही सेकंड में यह पता लगा लेगा कि संबंधित वाहन का थर्ड-पार्टी बीमा वैध है या उसकी अवधि समाप्त हो चुकी है। यदि बीमा एक्सपायर पाया जाता है, तो वाहन के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर तुरंत चेतावनी वाला एसएमएस भेजा जाएगा। इस तरह वाहन मालिक को बीमा की स्थिति के बारे में जानकारी मिल सकेओगी।
मोटर वाहन अधिनियम के तहत बिना वैध थर्ड-पार्टी बीमा के वाहन चलाना कानूनी अपराध है। पहली बार पकड़े जाने पर 2,000 रुपये तक का जुर्माना या तीन महीने तक की कैद अथवा दोनों का प्रावधान है। वहीं, दोबारा अपराध करने पर 4,000 रुपये तक का जुर्माना या तीन महीने तक की कैद अथवा दोनों की सजा हो सकती है।
ऐसे में वाहन मालिकों को सलाह दी गई है कि वे अपने वाहन का बीमा समय रहते रिन्यू करा लें। बीमा की अवधि समाप्त होने के बाद वाहन चलाने से न केवल कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है।

