शिकंजा: चेकिंग के दौरान पकड़े गए दो शातिर वाहन चोर, चोरी की दो बाइक बरामद
नशे की लत पूरी करने के लिए दिया था वाहन चोरी की वारदात को अंजाम, पटेलनगर और प्रेमनगर क्षेत्र से चोरी हुई थीं मोटरसाइकिलें
देहरादून। राजधानी में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी देहरादून की सख्ती का असर दिखाई देने लगा है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें एक मोटरसाइकिल पटेलनगर क्षेत्र से चोरी की गई थी, जबकि दूसरी प्रेमनगर क्षेत्र से चोरी होना सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, दो नवंबर 2026 को मोहम्मद खुर्रम पुत्र मेहरबान निवासी वन विहार, मेहूंवाला ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत कोतवाली पटेलनगर में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 833/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पटेलनगर कोतवाली में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस ने पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहे आरोपियों की वर्तमान गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई।
पुलिस की जांच और लगातार चेकिंग के दौरान चार नवंबर को महाराणा प्रताप पार्क में दो संदिग्ध पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पूछताछ और जांच में उनकी पहचान नासिर उर्फ माठू (32) निवासी आजाद कॉलोनी, पटेलनगर तथा सादिक उर्फ सोनू (30) निवासी ग्राम माधोपुर, थाना गंगनहर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों नशे के आदी हैं और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से पटेलनगर क्षेत्र से चोरी हुई मोटरसाइकिल संख्या यूपी11-सीएस-9071 के अलावा एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी बरामद की है। जांच में दूसरी मोटरसाइकिल प्रेमनगर क्षेत्र से चोरी की होना सामने आया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी किए गए वाहन को बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
1. नासिर उर्फ माठू पुत्र बाबू अहमद, निवासी आजाद कॉलोनी, पटेलनगर, उम्र 32 वर्ष।
2. सादिक उर्फ सोनू पुत्र शहीद, निवासी ग्राम माधोपुर, थाना गंगनहर, हरिद्वार, उम्र 30 वर्ष।
दो मोटरसाइकिलें बरामद
– यूपी11-सीएस-9071 (पटेलनगर कोतवाली से संबंधित)।
– बिना नंबर की मोटरसाइकिल (प्रेमनगर कोतवाली से संबंधित)।
पुलिस टीम में शामिल
उपनिरीक्षक बलबीर सिंह, कांस्टेबल अमित और कांस्टेबल वीरेंद्र ग्वाल शामिल रहे।

