स्मरण: कीर्ति चक्र से सम्मानित एस एस बी के शहीद उपनिरीक्षक भूपाल सिंह के बलिदान को किया नमन
अल्मोड़ा(आरएनएस)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के क्षेत्रक मुख्यालय अल्मोड़ा की ओर से शनिवार को ग्राम बल्टा में कीर्ति चक्र से सम्मानित शहीद उपनिरीक्षक भूपाल सिंह की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों और एसएसबी के अधिकारियों एवं जवानों ने शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया। शहीद भूपाल सिंह एसएसबी की 32वीं वाहिनी में असम में तैनात थे। वह 23 अप्रैल 2009 को चुनाव ड्यूटी के दौरान बोडो उग्रवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए थे। देश के प्रति उनके अदम्य साहस और बलिदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया था। सभा की अध्यक्षता एसएसबी क्षेत्रक मुख्यालय अल्मोड़ा के उपकमांडेंट वीरेंद्र सिंह चौधरी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद की पत्नी मोहिनी, विशिष्ट अतिथि एवं दर्जा राज्यमंत्री गोविंद सिंह पिलखवाल, ग्राम प्रधान वीना देवी, पूर्व प्रधान अर्जुन सिंह मेहता और प्राथमिक विद्यालय बल्टा के प्रधानाध्यापक अर्जुन सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उपकमांडेंट वीरेंद्र सिंह चौधरी ने शहीद के सम्मान में पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। शहीद की पत्नी, अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, छात्र-छात्राओं और एसएसबी जवानों ने भी शहीद की प्रतिकृति पर पुष्पमालाएं अर्पित कीं। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद को नमन किया। इस दौरान उपकमांडेंट ने उपस्थित लोगों को शहीद भूपाल सिंह के जीवन और उनके सैन्य योगदान की जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि गोविंद सिंह पिलखवाल ने शहीद के देश के प्रति बलिदान की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से उनके देशभक्ति के जज्बे और समर्पण से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शहीदों का सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने शहीद के नाम पर प्राथमिक विद्यालय बल्टा में प्रतिमा स्थापित कराने के लिए शासन स्तर पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही बताया कि पपरशैली से बल्टा मोटर मार्ग का नाम शहीद भूपाल सिंह कीर्ति चक्र के नाम पर रखने की शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। इस अवसर पर शहीद की पत्नी मोहिनी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मनोज मेहरा, ग्राम प्रधान बिनतोला गोविंद सिंह मेहता, ग्राम भिलुड़ा के प्रधान प्रतिनिधि चंदन सिंह बिष्ट, प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राएं तथा एसएसबी के उपकमांडेंट वीरेंद्र सिंह चौधरी सहित अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

