पूर्वानुमान: उत्तराखंड में बारिश ने बढ़ाई ठंड, सुबह-शाम गर्म कपड़ों की जरूरत

पूर्वानुमान: उत्तराखंड में बारिश ने बढ़ाई ठंड, सुबह-शाम गर्म कपड़ों की जरूरत
Spread the love

 

देहरादून समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार; 31 अक्टूबर तक येलो अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। गुरुवार, 29 अक्टूबर की सुबह से ही राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। बारिश के साथ तापमान में गिरावट और ठंडी हवाओं ने सर्दी का अहसास बढ़ा दिया है। प्रदेश के अधिकांश शहरी इलाकों में पंखों का इस्तेमाल पहले ही कम हो चुका है, वहीं अब सुबह और शाम के समय गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है।

इस बार उत्तराखंड में गर्मियों के दौरान भी अपेक्षाकृत कम गर्मी महसूस की गई। अब अक्टूबर के अंतिम दिनों में बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में अभी कड़ाके की ठंड नहीं पड़ी है, लेकिन मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड का असर बढ़ सकता है। पर्वतीय जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार, 29 अक्टूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं पौड़ी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। ऊधमसिंह नगर जिले में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने के आसार हैं।

30 और 31 अक्टूबर को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है। एक नवंबर को पर्वतीय जिलों के साथ देहरादून में भी बारिश होने के आसार हैं। इस दिन 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

दो नवंबर को पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद तीन और चार नवंबर को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने 29 से 31 अक्टूबर तक बारिश से प्रभावित क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। ऐसे में लोगों को मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।
गुरुवार दोपहर करीब एक बजे तक देहरादून का अधिकतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया था। दिन का तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान था।
आगामी दिनों में राजधानी के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। 30 अक्टूबर से पांच नवंबर तक अधिकतम तापमान क्रमशः 23, 25, 26, 26, 26, 26 और 25 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। वहीं न्यूनतम तापमान क्रमशः 16, 16, 16, 15, 15, 15 और 14 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
फिलहाल प्रदेश में बारिश और ठंडी हवाओं ने सर्दी की दस्तक को और महसूस करा दिया है। आने वाले दिनों में पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के चलते ठंड बढ़ने की संभावना है।

Parvatanchal